सीमैंट फैक्टरियों के मुद्दे पर बोले नड्डा, की जाएगी अदानी ग्रुप से बात

Monday, Jan 09, 2023 - 10:20 PM (IST)

बिलासपुर (विशाल): बिलासपुर बरमाणा ए.सी.सी. सीमैंट फैक्टरी व दाड़लाघाट अंबुजा सीमैंट फैक्टरी को उनके मालिक अदानी गु्रप द्वारा बंद किए जाने से हजारों परिवारों पर छाए रोजी-रोटी के संकट के मसले को ट्रक ऑप्रेटरों ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के पास पूरे विस्तार के साथ सोमवार को दिल्ली में रखा। नड्डा ने इस मसले को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने का भरोसा बी.डी.टी.एस. के प्रतिनिधिमंडल को दिया।

बी.डी.टी.एस. के अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अगुवाई में नड्डा से मिले इस प्रतिनिधिमंडल में बी.डी.टी.एस. के पूर्व महासचिव रजनीश ठाकुर, मुख्य संरक्षक अनिल हैप्पी, कीरतपुर यूनियन के इंचार्ज पप्पू कौड़ा और बी.डी.टी.एस. के मैनेजर स्वदेश ठाकुर आदि शामिल रहे। उन्होंने नड्डा से हजारों लोगों की रोजी-रोटी पर मंडरा रहे संकट को गंभीरता से लेकर मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। नड्डा ने कहा कि हिमाचल उनका अपना घर है। ट्रक ऑप्रेटरों समेत हजारों अन्य लोगों की रोजी-रोटी से जुड़ा यह मामला उनके लिए भी चिंता का विषय है। जल्द ही प्रदेश सरकार और ट्रक ऑप्रेटरों के साथ ही सीमैंट प्लांट मालिकों से भी इस बारे में बात की जाएगी, ताकि मामले को जल्द सुलझाया जा सके।

बी.डी.टी.एस. बरमाणा के प्रधान राकेश ठाकुर ने बताया कि प्रदेश सरकार को भी कुछ दिन पूर्व किराए का पूरा मसौदा बनाकर बी.डी.टी.एस. ने सौंपा है। इसके ऊपर भी प्रदेश सरकार द्वारा बनाई गई कमेटी की अगली कार्रवाई का इंतजार है। वहीं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने भी इस मुद्दे पर ट्रक ऑप्रेटरों के प्रति अपनी चिंता जाहिर की है। आशा है कि प्रदेश सरकार व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के संयुक्त प्रयासों से इस समस्या का हल निकलेगा।

Content Writer

Kuldeep