चूल्हा जलाते समय लगी झोंपड़ी में आग, भीख मांग कर करते थे गुजारा

Monday, Apr 10, 2017 - 10:47 PM (IST)

बिलासपुर : बिलासपुर शहर के रौड़ा सैक्टर में कन्या स्कूल के पास बनी प्रवासियों की झोंपडिय़ों में से एक झोंपड़ी को सोमवार सायं के समय अचानक आग लग गई। इस आगजनी की घटना से झोंपड़ी में रखा खाना बनाने के बर्तनों सहित अन्य सारा समान जलकर राख हो गया। हालांकि इस आग की घटना में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार दौलत राम अपनी पत्नी नूरी के साथ इस झोंपड़ी में पिछले कई वर्षों से रह रहा था। दौलत राम भीख मांगने का काम करता है। बताया जा रहा है कि दौलत राम रोजना की तरह भीख मांगने गया था तथा झोंपड़ी में केवल नूरी ही मौजूद थी। बताया जा रहा है कि नूरी ने खाना बनाने के लिए चूल्हा जलाया और इससे झोंपड़ी में आग लग गई। झोंपड़ी से आग की लपटें उठती देख पड़ोसी तुरंत मौके की ओर दौड़े तथा नूरी को झोंपड़ी से बाहर निकाला तथा आग लगने की घटना की पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही सिटी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तथा प्रभावितों के बयान कलमबद्ध किए। पुलिस के मुताबिक इस आग से दौलत राम को करीब 10 हजार रुपए का नुक्सान हुआ है। एस.पी. बिलासपुर राहुल नाथ ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की छानबीन की जा रही है।