बाइक सवार युवकों ने रेहड़ी संचालक को मारी गोली, PGI रैफर

Thursday, Jun 29, 2017 - 08:49 PM (IST)

मानपुरा/बी.बी.एन.: बद्दी बाईपास मार्ग पर एक रेहड़ी संचालक को अज्ञात बाइक सवार युवकों ने गोली मारकर जख्मी कर दिया। घायल की पहचान बिहार के दरभंगा जिले के भानी कलां गांव निवासी लड्डू कुमार (22) के रूप में की गई है जोकि बद्दी में मीट सूप व अंडे की रेहड़ी चलाता है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को देर शाम करीब सवा 9 बजे वह अपना कार्य बंद करके अपने निवास स्थान पर जा रहा था। 

बाइक सवार एक युवक ने चलाई गोली
जैसे ही वह बाईपास पर श्मशानघाट के पास पहुंचा तो एक बाइक आई जिस पर 2 लोग सवार थे। उनमें से एक युवक ने उसे गोली मार दी, जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। गोली मारने के बाद आरोपी फरार हो गए। इस दौरान वहां से निकल रहे कुछ लोगों ने घायल लड्डू को बद्दी सी.एच.सी. पहुंचाया, जहां से उसे हालत नाजुक में पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया। एस.पी. बशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आम्र्स एक्ट व धारा 324 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

15 जून को भी हुई थी वारदात
बता दें कि 15 जून को बद्दी में बहन के घर आए एक प्रवासी व्यक्ति को भी किसी ने गोली मारकर घायल कर दिया था। शत्रुघ्न बद्दी में बाईपास रोड पर फ्लैट के ग्राऊंड फ्लोर में रहने वाली अपनी बहन के पास आया था। जब वह वापस जाने लगा था तो अचानक गोली चली थी और उसकी टांग में लग गई थी। पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी है लेकिन अभी तक आरोपी का सुराग नहीं लग पाया है।