Sirmour: धौलाकुआं के समीप बाइक दुर्घटनाग्रस्त, 3 घायल
punjabkesari.in Sunday, Feb 09, 2025 - 12:22 PM (IST)
नाहन, (आशु): माजरा पुलिस थाना के अंतर्गत चंडीगढ़-देहरादून नैशनल हाइवे-7 पर शनिवार दोपहर धौलाकुओं में करोंदेवाली घाटी के समीप एक सड़क हादसे में 3 व्यक्ति घायल हो गए, जिन्हें नाहन मैडीकल कालेज लाया गया। जानकारी के अनुसार, बाइक पर 3 युवक पांवटा साहिब की तरफ जा रहे थे।
इसी बीच वह अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर नीचे गिर गए। इस दौरान मौके से गुजर रहे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल और नाहन से पांवटा साहिब जा रहे डी.एस.पी. मानवेंद्र ठाकुर भी घटनास्थल पर रुके और हादसे के कारणों की जानकारी ली।
बताया जा रहा है कि नाहन निवासी शाहरूख और फरमान बाइक पर विवेक को पांवटा साहिब की तरफ छोड़ने जा रहे थे। इसी बीच बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में घायल शाहरूख और विवेक को प्राथमिक उपचार के बाद नाहन से पी. जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया, जबकि फरमान नाहन में उपचाराधीन है।