ओवरटेक करना पड़ा महंगा! ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक की मौत...दूसरा गंभीर घायल
punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 07:24 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में एम्स कोठीपुरा के समीप हुए एक सड़क हादसे में एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा तेज रफ्तार और गलत तरीके से ओवरटेक करने के कारण हुआ, जब एक बाइक सीधे ट्रक से जा टकराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में धमराड़ निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि वह चंडीगढ़ से वापस अपने घर लौट रहा था। मंडी भराड़ी से वह अपने छोटे भाई पंकज कुमार के साथ एक ट्रक ( HP 24A-3129) में सवार होकर जा रहा था। जब उनका ट्रक एम्स कोठीपुरा के मुख्य द्वार से करीब 50 मीटर आगे पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक ट्राले के पीछे से एक बाइक (HP 24C-8212) अचानक सामने आ गई। बाइक पर 2 युवक सवार थे। आरोप है कि बाइक सवार काफी तेज रफ्तार में थे और विपरीत दिशा से ट्राले को ओवरटेक कर रहे थे, जिसके चलते वे सीधे ट्रक से जा टकराए।
इस जोरदार टक्कर में बाइक चालक मुनीष कुमार निवासी बोह, डाकघर दयोथ, तहसील सदर और उसके पीछे बैठा अक्षय निवासी कोठी, डाकघर दयोथ, तहसील सदर बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद दोनों को एम्बुलैंस की मदद से पास ही स्थित एम्स कोठीपुरा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने मुनीष कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अक्षय का अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना सदर में घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

