जंगल में जाकर महिला ने निगला जहर, मौत

Monday, Jun 18, 2018 - 07:23 PM (IST)

बिझड़ी : स्थानीय पंचायत के अम्बोटा गांव की एक महिला जंगल में मृत पाई गई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दामिनी पत्नी इंद्र सिंह सोमवार सुबह अपने घर से गोदाम अम्बोटा जंगल की तरफ  चली गई। सुबह 10 बजे के लगभग उसने अपनी जेठानी को फोन करके बताया कि उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है। फोन सुनने के बाद उसके परिजन जंगल की तरफ  दौड़े। जंगल में महिला के शरीर में कोई हरकत न होती देखकर बिझड़ी पंचायत उपप्रधान को सूचित किया गया। उपप्रधान ने पुलिस को भी सूचना दे दी।


मृतक महिला अपने पीछे एक लड़का व लड़की छोड़ गई
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया तथा परिजनों के बयान कलमबंद किए। मृतक महिला अपने पीछे एक लड़का व लड़की को छोड़ गई है। गरीब परिवार से संबंध रखने वाली महिला का पति बिरोजे का काम करता है। एस.एच.ओ. बड़सर जगदीश चंद ने बताया कि मामला दर्ज करके महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Kuldeep