SIU विंग की बड़ी कामयाबी, 3.873 किलोग्राम चरस सहित 2 गिरफ्तार

Saturday, Mar 24, 2018 - 08:48 PM (IST)

चम्बा: चरस माफिया के खिलाफ छेड़े विशेष अभियान के तहत एक और सफलता पुलिस के एस.आई.यू. विंग ने अपने नाम दर्ज की है। एस.पी. चम्बा डा. मोनिका ने बताया कि पुलिस के इस विंग ने छाणा मोड़ पर चरस की बड़ी खेप सहित 2 युवकों को दबोचा है। पुलिस की इस टीम ने दोपहर को जब छाणा मोड़ पर नाका लगाया हुआ था तो फारूख पुत्र निवासी पधरी डाकघर सिद्धोठ व बशीर निवासी गांव छतरी तहसील चुराह पैदल चले आ रहे थे, जैसे ही उनकी नजर पुलिस कर्मियों पर पड़ी तो उन्होंने वहां से भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने तुरंत उन्हें धर दबोचा। 

अदालत में पेश किए जाएंगे आरोपी
पुलिस ने शक के आधार पर जब उनकी तलाशी ली तो उनके कब्जे से 3 किलो 873 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने उनके खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया और उन्हें चरस सहित गिरफ्तार कर लिया। एस.पी. चम्बा ने बताया कि दोनों आरोपियों को रविवार को अदालत के समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रिमांड के दौरान पुलिस द्वारा मामले से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल करने का प्रयास किया जाएगा। 

Punjab Kesari