बड़ी सफलता : चरस तस्कर के सहारे लुधियाना से धरे नशे के 2 बड़े सौदागर

Sunday, Feb 17, 2019 - 11:24 PM (IST)

चुवाड़ी: गत 12 फरवरी को तुनुहट्टी बैरियर पर चरस की बहुत बड़ी खेप बरामद करने के उपरांत पुलिस ने इस कड़ी से संबंधित अपनी जांच को आगे बढ़ाते हुए लुधियाना (पंजाब) में 2 बड़े नशे के सौदागरों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है, जिनके तार इस चरस की खेप से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार 12 फरवरी को तुनुहट्टी नामक स्थान पर एक व्यक्ति से 13 किलो 434 ग्राम चरस की खेप के साथ गिरफ्तार किया गया था। चरस की खेप कार की बोनट में डालकर पंजाब की तरफ ले जाई जा रहा थी। पुलिस गिरफ्तार किए व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने जानकारी दी कि यह खेप उसने लुधियाना पंजाब में रहने वाले किसी बड़े नशे के सौदागर को आपूर्ति करनी थी।

गुप्त ठिकाने पर दबिश देकर दबोचे महिला-पुरुष

पुलिस ने हिरासत में लिए गए व्यक्ति से मिली जानकारी के आधार पर एक टीम का गठन किया, जिसे लुधियाना भेजा गया। टीम ने लुधियाना पहुंचकर वहां की पुलिस के सहयोग से 2 दिन की छानबीन के उपरांत एक गुप्त ठिकाने पर छापा मारा तथा वहां उपस्थित एक महिला सुरिंद्र रानी व पवन कुमार को 150 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार करके वहां की अदालत में पेश किया और उन दोनों को न्यायिक हिरासत में लेने के आदेश प्राप्त किए। पुलिस ने इन दोनों को ज्यूडिशियल जज डल्हौजी के समक्ष पेश करने की अर्जी भी दी, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। इन दोनों को सोमवार को चुवाड़ी लाया जाएगा।

Vijay