कांग्रेस पार्टी में अनुशासनहीनता पर कुलदीप राठौर का बड़ा बयान, जानिए क्या बोले

Wednesday, Jan 23, 2019 - 07:45 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): बुधवार को ऊना में कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों का चयन सर्वे के आधार पर होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी इसके लिए सर्वे करवा रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस पार्टी अपने स्तर पर भी अलग से सर्वे करवाएगी। सर्वे के आधार पर ही टिकटों का आबंटन होगा। प्रत्याशियों के चयन के लिए सभी संभावनाएं खुली हैं।

प्रत्याशी घोषित करना वीरभद्र सिंह की निजी राय, हाईकमान लेगा फैसला

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा कुछ नेताओं को प्रत्याशी घोषित किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह वीरभद्र सिंह की निजी राय हो सकती है। पार्टी हाईकमान ही किसी को भी प्रत्याशी घोषित करने का फैसला करेगा। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह प्रदेश के वरिष्ठ नेता हैं और 6 बार मुख्यमंत्री रहे हैं जबकि सुक्खू भी पार्टी के वरिष्ठ नेता और 6 वर्ष से अध्यक्ष रहे हैं। सभी नेताओं का सहयोग लेकर पार्टी को आगे बढ़ाया जाएगा। गुटबंदी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पिछले कई वर्षों से निष्क्रिय कांग्रेस पदाधिकारियों को हटाया जाएगा।

कांग्रेस कार्यालय में झड़प की रिपोर्ट आने के बाद होगा फैसला

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यालय में हुई झड़प के बाद 2 वरिष्ठ अधिवक्ताओं की रिपोर्ट आने के बाद ही इस पर कोई फैसला लिया जाएगा। पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि हर क्षेत्र में वह पहुंच पाएं, ऐसा संभव नहीं है इसलिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की विभिन्न चुनाव क्षेत्रों में ड्यूटी लगाई जाएगी और उन्हें कार्यभार सौंपे जाएंगे। प्रदेश में कांग्रेस कमेटियों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। बेहतर काम करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

संगठन में कड़ाई से लागू किया जाएगा अनुशासन

उन्होंने कहा कि संगठन में अनुशासन को कड़ाई से लागू किया जाएगा। राहुल गांधी ने उन्हें जो एजैंडा दिया है उसे वह लागू करेंगे। सभी के आशीर्वाद से पार्टी को आगे बढ़ाया जाएगा। राठौर ने कहा कि राहुल गांधी ने उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी है और वह पूरी तरह से निर्णय लेने में सक्षम हैं। पार्टी के नेताओं की गणेश परिक्रमा के संबंध में राठौर ने कहा कि संगठन को सर्वोपरि माना जाएगा और सभी को बराबर की तरजीह दी जाएगी।

प्रियंका गांधी को पार्टी की जिम्मेदारी देना सही फैसला

उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को पार्टी की जिम्मेदारी देने का सही फैसला है। राहुल गांधी का यह सराहनीय निर्णय है। इससे पार्टी मजबूत होगी और कार्यकत्र्ताओं का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी के पार्टी में आने से पार्टी और मजबूती से उभरकर सामने आई है।

Vijay