पुलिस विभाग में होगा बड़ा फेरबदल, इतने DSP की तबादला सूची तैयार

Monday, Feb 12, 2018 - 01:28 AM (IST)

शिमला: राज्य पुलिस विभाग में जल्द बड़ा फेरबदल होगा। इसके तहत 50 से 55 डी.एस.पी. के तबादले किए जाने की तैयारियां चल रही हैं। इसके साथ ही ए.एस.आई. से लेकर कांस्टेबल तबके के 150 से अधिक कर्मियों को भी इधर-उधर किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार दो से तीन दिनों के भीतर पुलिस विभाग में यह फेरबदल संभव है। बता दें कि प्रदेश की जयराम सरकार सत्ता में आने के बाद पुलिस विभाग में व्यापक फेरबदल कर चुकी है। प्रदेश पुलिस महानिदेशक के पद पर वरिष्ठ आई.पी.एस. अधिकारी सीता राम मरडी की तैनाती करने के साथ ही स्टेट विजीलैंस और सी.आई.डी. में भी फेरबदल किया जा चुका है। 

इसी तरह जिला स्तर पर भी कई पुलिस अधीक्षक इधर-उधर किए गए हैं। इसी कड़ी में अब डी.एस.पी. रैंक के अधिकारियों के तबादले किए जाने हैं। इसको लेकर मंथन हो चुका है और सूची भी तैयार है, जिसे कभी भी जारी किया जा सकता है। विभाग ने सी.एम. सिक्योरिटी में भी नए चेहरे शामिल किए हैं। इसी तरह आने वाले दिनों में कुछ अन्य कर्मियों को भी सी.एम. सिक्योरिटी में शामिल किया जा सकता है।