हिमाचल के इतिहास में पहली बार हो रही इन्वैस्टर मीट, बड़े उद्योगपति निवेश को तैयार: विक्रम

Wednesday, Sep 11, 2019 - 09:42 AM (IST)

डाडासीबा (सुनील): उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर नवम्बर में धर्मशाला में होने जा रही ग्लोबल इन्वैस्टर मीट को लेकर काफी आशान्वित हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार इन्वैस्टर मीट हो रही है। पंजाब केसरी के साथ खास बातचीत में उद्योग मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री और उन्होंने देश-विदेश में जाकर निवेशकों को आमंत्रित किया है। बड़े उद्योगपति प्रदेश में कृषि के साथ अन्य क्षेत्रों में भी निवेश करने के इच्छुक हैं। सरकार ने औद्योगिक क्षेत्र को बड़ी रियायतें देने का निर्णय लिया है। निश्चित तौर पर इसका सीधा लाभ निवेशकों को मिलेगा और हिमाचल में रोजगार के मौके उत्पन्न होंगे। विक्रम ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने निवेश बुलाने के नाम पर सैर-सपाटा जरूर किया लेकिन निवेश के नाम पर कुछ नहीं हुआ। वर्तमान में चल रहे उद्योगों को पूरी सुविधाएं दी जा रही हैं। नए उद्योग प्रदेश में आ रहे हैं।  

औद्योगिक पैकेज बहाली के सवाल पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की कई योजनाओं का उद्योगपति नियमानुसार लाभ उठा रहे हैं। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने भी हिमाचल को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और अनुराग ठाकुर साथ मिलकर औद्योगिक विकास को गति देने का मसला प्रधानमंत्री के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने कहा कि संसारपुर टैरेस औद्योगिक क्षेत्र में कई उद्योगों का विस्तार हो रहा है। देहरा और जसवां परागपुर हलके के केंद्र चनौर क्षेत्र में नया इंडस्ट्रीयल सैटअप लगने जा रहा है। इन्वैस्टर मीट के बाद जसवां परागपुर हलके में भी नए उद्योग लगने की पूरी संभावनाएं हैं। विभाग इसके लिए भूमि की तलाश कर रहा है। कांगड़ा सहित अन्य जिलों में रोपवे निर्माण में देरी को लेकर पूछे सवाल पर उन्होंने कहा कि रोप-वे निर्माण में कई कायदे-कानून बेहद पेचीदा थे। इस कारण निवेशक हिमाचल में निवेश करने में रूचि नहीं दिखाते थे। 

जयराम सरकार ने इन सारे विषयों को लेकर समीक्षा के बाद पुराने कायदे-कानूनों को सरल करने को प्राथमिकता दी है। उम्मीद है कि आने वाले समय में रोप-वे के काम की रफ्तार बढ़ेगी। सूबे में राष्ट्रीय राजमार्गों के धीमे कार्य पर विक्रम ने कहा कि सरकार सभी प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्गों की डी.पी.आर. प्रक्रिया को पूरा कर रही है। हाल ही में मंत्री-विधायकों का यात्रा भत्ता बढ़ाने पर हो रही सरकार की आलोचना को लेकर उद्योग मंत्री ने कहा कि विधायकोंके वेतन में वृद्धि नहीं की गई है। 90 फीसदी विधायकों की यात्राओं में रुचि ही नहीं रहती है। कई मौकों पर अपने आक्रामक तेवरों को लेकर उन्होंने कहा कि वह कभी जल्दबाजी में नहीं होते। कई बार मजाकिया लहजे में कही बात को हैडलाइन बना दिया जाता है।

अवैध खनन रोकने को विशेष योजना

उद्योग मंत्री ने अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश न लगने के सवाल पर कहा कि इस मसले पर उन्होंने डेढ़ माह पूर्व जिला कांगड़ा और हाल ही में जिला ऊना का दौरा किया है। दोषियों को पकड़ा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार वैध कारोबारियों को छेड़ेगी नहीं तथा अवैध कारोबारियों को छोड़ा नहीं जाएगा। विक्रम ने कहा कि खुद के आकलन के आधार पर वह स्वीकार करते हैं कि सूबे में अभी अवैध खनन पर पूर्णतया अंकुश नहीं लगा है। इसे लेकर सरकार विशेष योजना पर कार्य कर रही है।

Ekta