गुड़िया केस में दीवाली से पहले हो सकता है बड़ा धमाका, CBI के हाथ लगी बड़ी लीड

Thursday, Sep 21, 2017 - 11:22 PM (IST)

शिमला: गुड़िया केस में सी.बी.आई. के हाथ बड़ी लीड लगी है। ऐसे संकेत सी.बी.आई. ने दिए हैं। इस अहम लीड की बिनाह पर एस.आई.टी. गैंगरेप-मर्डर मामले की उलझी हुई गुत्थी जल्द सुलझा सकती है। इस सिलसिले में दीवाली से पहले बड़ा धमाका हो सकता है। ऐसा धमाका जिसकी गंूज सूरज केस की तरह दूर तलक सुनाई देगी। हालांकि अभी जांच पूरी होने में और वक्त लगेगा। सी.बी.आई. ने आरंभ में ही कोर्ट से जांच के लिए 3 महीने का वक्त मांगा था। तब कोर्ट ने इस पर हैरानगी जताई थी लेकिन जिस तरीके से बार-बार समय मिल रहा है, उसमें भी 3 महीने ही लग रहे हैं। इस दौरान सी.बी.आई. अपनी जांच कन्क्लूड कर लेगी। वह असली आरोपियों के करीब पहुंच गई है। ये कौन हैं, इसका शीघ्र खुलासा होगा। इस संबंध में 5 आरोपियों के नार्को, ब्रेन मैपिंग टैस्ट की रिपोर्ट 16 अक्तूबर को आएगी। उससे तय हो जाएगा कि ये निर्दोष हैं या नहीं? ये टैस्ट गुजरात के अहमदाबाद के गांधीनगर में हो रहे हैं। इसके लिए आरोपियों को 19 से 30 सितम्बर तक वहीं पर रखा जाएगा।

8 पुलिस वालों का होगा नार्को टैसट 
सूरज मर्डर केस के आरोपी आई.जी. जैड.एच. जैदी व डी.एस.पी. मनोज जोशी समेत 8 आरोपी पुलिस वालों का अभी नार्को टैस्ट नहीं होगा। पहले इनका भी नार्को टैस्ट करवाए जाने की बात कही जा रही थी। सी.बी.आई. के वकील ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तभी नार्को टैस्ट होगा, अन्यथा नहीं। इन अधिकारियों व कर्मचारियों को सी.बी.आई. ने 29 अगस्त को गिरफ्तार किया था। 10 दिन तक पुलिस रिमांड पर रहे, उसके बाद से ये जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। इनमें से आई.जी. आई.जी.एम.सी. में उपचाराधीन हैं।

सी.बी.आई. ने अब बलसन की ओर किया रुख
कोटखाई के बाद सी.बी.आई. ने अब बलसन क्षेत्र की ओर रुख किया है। सूत्रों के अनुसार जांच एजैंसी ने शक के आधार पर करीब 30 लोगों से पूछताछ की है। अभी तक जांच का सारा जोर कोटखाई क्षेत्र पर ही केंद्रित था। बताया जा रहा है कि जांच में सामने आ रहे तथ्यों को क्रॉस चैक करने के लिए पूछताछ की गई है। जहां वारदात हुई, वह इलाका जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में आता है जबकि गुड़िया बलसन इलाके की रहने वाली थी। यह चौपाल विधानसभा क्षेत्र में पड़ता है। जिन संदिग्धों के फोटो सोशल मीडिया में वायरल हुए थे उनमें से एक चौपाल विधानसभा इलाके का भी था। एस.आई.टी. सभी पहलुओं की बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही है। गुड़िया मामले की जांच अधिकारी सीमा पाहूजा हैं। उनकी गिनती देश में जांच कार्य में माहिर सर्वश्रेष्ठ जांच अधिकारियों में की जाती है।