बढ़ रहे कैंसर के मामले चिंता का विषय, हमीरपुर में स्थापित होगा पहला कैंसर अस्पताल : सुक्खू

Saturday, Jan 20, 2024 - 09:39 PM (IST)

भोरंज (हमीरपुर) (रवि): हिमाचल प्रदेश में कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं जोकि चिंता का विषय है। कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए हमीरपुर में पहला अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल स्थापित किया जाएगा। यह बातें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहीं। वह यहां कंज्याण गांव में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्याएं सुनने आए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शिक्षा के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए बच्चों को गुणात्मक शिक्षा देने के लिए प्रदेश के पहले राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का निर्माण 102 कनाल भूमि पर किया जाएगा। जिसमें एक साल के भीतर प्राइमरी सैशन को चलाने का लक्ष्य रखा है और इस स्कूल के निर्माण के लिए टैंडर भी हो चुका है। उन्होंने कहा कि 40 साल से चली आ रही व्यवस्था को बदलकर पुराने नियमों में बदलाव कर नियमों में परिवर्तन किया और आर्थिक बदहाली के बावजूद भी हमने प्रदेश के विकास को नहीं रुकने दिया। हमने इसके लिए कई नई योजनाएं शुरू की हैं यदि आपदा न आई होती तो प्रदेश का विकास और भी तेज गति से होता। इससे पहले मुख्यमंत्री शनिवार को भोरंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न कस्बों का दौरा कर 150 करोड़ के उद्घाटन व शिलान्यास किए।

उन्होंने कहा कि जब मैं प्रदेश का मुख्यमंत्री बना तो प्रदेश के कर्मचारियों को एक महीने की तनख्वाह देने के लिए भी पैसे नहीं थे और प्रदेश पर 75 हजार करोड़ रुपए का पहले से ही कर्ज था जो अब बढ़कर 85 हजार करोड़ रुपए हो गया है और हमें भी कर्ज लेना पड़ेगा। लेकिन कर्ज के बोझ को कम करने का निश्चय कर आत्मनिर्भर हिमाचल की ओर बढ़ने के लिए जो हमने फैसले लिए और उसका एक साल बाद जो परिणाम निकलकर सामने आया जिसमें हमारी अर्थव्यवस्था में 20 प्रतिशत का सुधार सामने आया, जिससे हमें लगा कि हमारी अर्थव्यवस्था अपने पांव पर खड़ी होकर आगे बढ़ने को तैयार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार से 75 हजार करोड़ रुपए का कर्ज विरासत में मिला, इसके बावजूद वर्तमान सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयास कर रही है, जिसके फलस्वरूप एक वर्ष में ही अर्थव्यवस्था में 20 प्रतिशत तक सुधार आया है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए आने वाले बजट में वर्तमान प्रदेश सरकार अनेक योजनाएं लेकर आ रही है क्योंकि अगर गांव का विकास होगा, तभी प्रदेश आगे बढ़ सकेगा।

रायल्टी न मिली तो परियोजनाओं का अधिग्रहण होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने जल विद्युत परियोजनाओं में राज्य के हितों को बेचा, जबकि वर्तमान राज्य सरकार प्रदेश के हितों की लड़ाई को लड़ रही है। उन्होंने कहा कि लुहरी, धौलासिद्ध तथा सुन्नी जल विद्युत परियोजनाओं में अगर हिमाचल को रॉयल्टी नहीं मिली तो इन परियोजनाओं का अधिग्रहण किया जाएगा। केंद्र सरकार से इस मामले पर जल्द फैसले का आग्रह किया गया है, लेकिन भाजपा नेता इसमें बाधा डाल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने आपदा में हुए नुक्सान पर केंद्र सरकार को नियमानुसार 10 हजार करोड़ रुपए के दावे भेजे हैं। यह प्रदेश के लोगों का हक है तथा हिमाचल को मिलना ही है लेकिन इसे भी भाजपा नेता रोकने में लगे हैं।

Content Writer

Kuldeep