भोरंज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने घोषित किए जिला परिषद के प्रत्याशी

Wednesday, Dec 23, 2020 - 03:50 PM (IST)

भोरंज (ब्यूरो): भोरंज विधानसभा क्षेत्र के लिए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने जिला परिषद के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित चयन समिति के सदस्यों विजय सिंह बनियाल, राजीव लाल मैहर, रामचंद्र पठानिया, वतन सिंह डोगरा, रोशन लाल शर्मा तथा धर्म सिंह ठाकुर ने लंबी चर्चा के बाद प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। इसमें जिला परिषद के वार्ड नंबर-8 जाहू से राजकुमारी को प्रत्याशी बनाया है। राजकुमारी इससे पूर्व ब्लॉक समिति की निर्विरोध चुनी गई सदस्य रही हैं।

वार्ड नंबर-9 खरवाड से सावित्री देवी को प्रत्याशी बनाया गया है। सावित्री देवी इससे पूर्व ग्राम पंचायत झरलोग की प्रधान रह चुकी हैं। उनके पति प्रकाश चंद राणा भी पंचायत प्रधान रह चुके हैं। वार्ड नंबर-7 धीरड़ से संजीव शर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है। संजीव शर्मा प्रसिद्ध समाजसेवी हैं तथा उनकी पत्नी इससे पहले समीरपुर वार्ड की जिला परिषद सदस्य रही हैं। इसी तरह वार्ड नंबर-10 भोरंज से स्वतंत्रता भारद्वाज को प्रत्याशी बनाया गया है। स्वतंत्रता भारद्वाज लंबे समय से समाजसेविका हैं तथा पूर्व में पंचायत की प्रधान भी रह चुकी हैं।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं चयन समिति के चेयरमैन विजय सिंह बनियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लंबी सोच विचार के बाद सभी कार्यकर्ताओं की राय से इन प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है और कांग्रेस पार्टी का यह पैनल निश्चित रूप से विजयी होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों को देखते हुए आज भारतीय जनता पार्टी को जिला परिषद के प्रत्याशियों का चयन करने में भी दिक्कत आ रही है क्योंकि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के कारण कोई भी व्यक्ति भाजपा के पैनल से चुनाव लडऩे के लिए तैयार नहीं है। दूसरी तरफ भाजपा में व्याप्त अंतर्कलह की वजह से पार्टी दो गुटों में बट गई है, ऐसे में जहां एक गुट विधायक के साथ चल रहा है तो वहीं दूसरा गुट अपने स्तर पर जिला परिषद के प्रत्याशियों को ढूंढ रहा है। भाजपा की गुटबाजी का पूरा लाभ कांग्रेस प्रत्याशियों को मिलेगा।

भोरंज से कांग्रेस प्रत्याशी रहे सुरेश कुमार, प्रेम कौशल और रमेश डोगरा ने सभी प्रत्याशियों के विजयी होने की कामना की है तथा उन्हें अपना भरपूर समर्थन  देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही प्रदेश प्रभारी ब्लॉक कांग्रेस की एक बैठक लेंगे तथा सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपेंगे ताकि पंचायत चुनावों में जीत सुनिश्चित की जा सके।

Vijay