सपना इंजीनियर बनने का था, बन गए कलाकार, कई सीरियल में कर चुके काम,परिणय सूत्र में बंधे

Monday, Feb 17, 2020 - 11:17 PM (IST)

भोरंज (रवि): छोटे से गांव का एक बालक छोटे पर्दे की जान बन जाएगा, किसी ने सोचा भी नहीं था। भोरंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत अग्घार के नाहलवीं गांव के सेवी ठाकुर की अब छोटे पर्दे से बॉलीबुड में दस्तक देने की इच्छा है जिसके लिए वह दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। रविवार को टी.वी. कलाकार सेवी ठाकुर नैनीताल की कोरियोग्राफर (डांसर) भावना अधिकारी से परिणय सूत्र में बंध गए। वर्ष 2015 में डी.डी. वन चैनल में द्रोपदी सीरियल में अर्जुन, जी टी.वी. चैनल के जबराज सीरियल में आरम का मुख्य रोल, इसी चैनल में सेठ जी सीरियल में राघव, सोनी टी.वी. चैनल में कनिष्क का मुख्य रोल, स्टार प्लस चैनल के नमो लक्ष्मी नारायण में विष्णु भगवान का रोल कर चुके सेवी ठाकुर की नजर अब बड़े पर्दे पर है। इसके अलावा पंजाबी गीत सैंडल में सुनधा शर्मा के साथ भी सेवी ठाकुर काम कर चुके हैं। मैकेनिकल इंजीनियर रहे सेवी ठाकुर ने 2 साल तक नौकरी भी की है।

अर्जुन का किरदार करने का सौभाग्य मिल गया

इस दौरान अपने दोस्त के साथ शूटिंग देखनेके दौरान ही खुद को भी रूपहले पर्दे की दुनिया में जाने की इच्छा जागी तो सेवी ठाकुर ने फिल्मी नगरी मुंबई का रुख किया। किस्मत भी साथ थी और पहला ब्रेक डीडी वन चैनल में द्रोपदी सीरियल में अर्जुन का किरदार करने का सौभाग्य मिल गया। फिर कारवां बढ़ता गया। सेवी ठाकुर का कहना है कि उनके पिता रमेश ठाकुर भारतीय सेना से रिटायर हुए हैं जबकि माता रक्षा ठाकुर गृहीणी हैं। छोटी बहन डाक्टर है जोकि माता-पिता के साथ नाहलवीं गांव में ही रहती है।

मुलाकात से दोस्ती और फिर पनपा प्यार

रविवार को सेवी ठाकुर अपने पैतृक गांव नाहलवीं में रीति-रिवाजों के साथ नैनीताल की भावना अधिकारी से परिणय सूत्र में बंध गए। भावना भी कोरियोग्राफर (डांसर) हैं तथा सेवी ठाकुर के छोटे पर्दे पर कदम रखने के बाद ही दोनों की मुलाकात हुई और फिर दोस्ती प्यार में बदल गई।

छोटी उम्र में इतनी उपलब्धियों पर गर्व : कमलेश

उधर, विधायक कमलेश कुमारी ने भी रविवार को शादी समारोह में पहुंचकर दुल्हे व दुल्हन को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि सेवी ठाकुर का इतनी कम उम्र में फिल्मी दुनिया में इतना बड़ा मुकाम हासिल कर परिवार के साथ-साथ पूरे जिला का नाम रोशन किया है जोकि बड़े ही गर्व की बात है।

 

Kuldeep