जब चालान काट रहे पुलिस कर्मी को मारी टक्कर

Monday, Jun 25, 2018 - 06:50 PM (IST)

भवारना (अतुल):भवारना पुलिस थाना के बाहर ट्रैफि क नियमों की पालना हेतु वाहनों के निरीक्षण के दौरान एक स्कूटी चालक ने अचानक पुलिस को सामने देख हड़बड़ाहट में पुलिस कर्मी को टक्कर मार दी जिससे पुलिस कर्मी को टांग और हाथ में चोट आई है। इस घटना में उक्त पुलिस वाले का चश्मा भी टूट गया। सोमवार सुबह लगभग 9 बजे स्थानीय पुलिस थाना के बाहर पुलिस ने नाका लगाया हुआ था कि तभी लोअर बाजार भवारना की तरफ  से एक स्कूटी चला रहा लड़का वहां से बिना हैल्मेट जा रहा था। पुलिस को देख कर उसने स्कूटी की स्पीड और बढ़ा दी। चालान काट रहा पुलिस कर्मी उसे रोकने के लिए बीच सड़क पर खड़ा हो गया। पुलिस को अचानक सामने देख बौखलाहट में स्कूटी चालक लड़का स्कूटी पर से नियंत्रण खो बैठा और स्कूटी पुलिस वाले से टकरा गई। जोरदार टक्कर में स्कूटी चालक और पुलिस वाला दोनों सड़क पर गिर गए। आसपास के दुकानदारों ने इन लोगों को उठाया। पुलिस कर्मी को प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने स्कूटी चला रहे लड़के का 1800 रुपए का चालान काट दिया और लड़के के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पुलिस कर्मी ने लड़के पर मुकद्दमा दर्ज नहीं करवाया। एस.एच.ओ. भवारना कुलवंत सिंह ने बताया कि लोगों को ट्रैफि क नियमों का पालन हर हाल में करना ही होगा ताकि दुर्घटनाओं में कमी आ सके।

 

Kuldeep