भरमौरी ने साधा निशाना, बोले-CM जयराम की पांगी के लिए कोरी घोषणाएं

Thursday, Oct 25, 2018 - 07:41 PM (IST)

चम्बा: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हाल ही में घाटी के दौरे पर थे, उस समय उन्होंने जो घोषणाएं कीं, वे मात्र कोरी घोषणाएं हैं, जिनका धरातल पर कोई भी परिणाम सामने नहीं आने वाला है। यह बात पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने अपने पांगी घाटी दौरे के दौरान कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पांगी घाटी के लोगों को मात्र सपने दिखाए हैं। कांग्रेस के कार्यकाल में पांगी घाटी में सारी व्यवस्था अच्छी थी लेकिन भाजपा का कार्यकाल आते ही घाटी की व्यवस्था व सुविधा डगमगा गई है। उन्होंने कहा कि घाटी में प्रशासन नाम की कोई भी चीज नहीं है। घाटी में न तो दूरसंचार व्यवस्था सुदृढ़ है, न स्वास्थ्य सेवाएं सुधर पाईं हैं और न ही सड़कों की हालत में सुधार हुआ है और न ही यातायात व्यवस्था सुधर पाई है। 

केवल वोट बैंक की राजनीति कर ही भाजपा सरकार 
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल वोट बैंक की राजनीति व विपक्ष पर आरोप लगाने के अतिरिक्त और कुछ नहीं कर रही है। लोकसभा चुनाव लडऩे के मुद्दे पर भरमौरी ने कहा कि अगर हाईकमान उन्हें टिकट देती है तो वह जरूर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस जबरदस्त लीड हासिल कर जीत दर्ज करेगी। भरमौरी ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में पूरे देश में कांग्रेस जीतेगी और कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सरकार बनेगी।

Vijay