भरमौरी ने साधा निशाना, कहा-BJP नेताओं ने दी गद्दी विवाद को हवा

Friday, Aug 11, 2017 - 10:05 PM (IST)

शिमला: वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने गद्दी समुदाय का मान-सम्मान बढ़ाया है। इसके विपरीत भाजपा नेता गद्दी विवाद को हवा देते हुए गद्दी समुदाय के समक्ष मुख्यमंत्री की तरफ से की गई टिप्पणी को जानबूझ कर तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं ताकि राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति हो सके। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की ऐसी बयानबाजी उनकी संकीर्ण मानसिकता को दर्शाती है जिससे वे मुख्यमंत्री की छवि को खराब करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को अनावश्यक ढंग से उकसाने के कृत्यों में संलिप्त हो रही है और राज्य के सामाजिक माहौल को खराब कर रही है। 

कांग्रेस सरकार ने किया सभी समुदायों के लिए कल्याण बोर्डों का गठन
उन्होंने कहा कि राज्य में गद्दी समुदाय सहित लगभग सभी समुदायों के लिए कल्याण बोर्डों का गठन उनकी सरकार द्वारा किया गया है जो सभी लोगों के एक समान कल्याण व उत्थान के लिए मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री को गद्दी समुदाय के विकास की चिंता है तथा उनके कल्याण के लिए अनेक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री वीरभद्र के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने चहुंमुखी विकास कर सभी वर्गों के लोगों को लाभ पहुंचाया है।