भरमौर प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा पर लगाई रोक, श्रद्धालुओं के लिए गाइडलाइंस जारी

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 05:47 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के भरमौर प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। खराब मौसम और रास्तों की जर्जर हालत को देखते हुए, प्रशासन ने उन लोगों के खिलाफ सख्ती बरतने का फैसला किया है जो चोरी-छिपे यात्रा करने की कोशिश कर रहे हैं।

क्यों बंद है यात्रा का रास्ता?

मणिमहेश जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन ने चेतावनी जारी की है कि अभी वहां जाना जान जोखिम में डालने जैसा है। साल 2025 में हुई भारी बारिश और बादल फटने के कारण पैदल मार्ग बुरी तरह टूट चुके हैं।

भरमौर के इलाकों में अभी भी चार से पांच फीट तक बर्फ जमी है। हाल ही में हुई ताज़ा बर्फबारी ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है। रास्ते साफ न होने और अत्यधिक ठंड के कारण किसी भी समय अप्रिय घटना घटने का डर बना हुआ है।

प्रशासन की सख्त तैयारी

एसडीएम भरमौर ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि धंछो, गौरीकुंड और मणिमहेश जैसे मुख्य स्थानों पर जवानों की तैनाती की जाए। हडसर मेन गेट पर हर वाहन की सघन चेकिंग की जा रही है।

स्थानीय पंचायतों को पोस्टर और सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि यात्रियों को वास्तविक स्थिति का पता चल सके। पुलिस और प्रशासन यात्रियों को समझा रहे हैं कि वे फिलहाल आगे न बढ़ें और मौसम ठीक होने का इंतजार करें।

कार्तिक स्वामी मंदिर के कपाट खुलेंगे

आपको बता दें कि 14 अप्रैल को कार्तिक स्वामी मंदिर के कपाट खुल रहे हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्त वहां पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भक्त मंदिर के दर्शन तो कर सकते हैं, लेकिन उन्हें मंदिर से आगे मणिमहेश या परिक्रमा मार्ग पर जाने की अनुमति बिल्कुल नहीं दी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News