19 जनवरी को कांगड़ा जिला के इंदौरा पहुंचेगी भारत जोड़ो यात्रा

Tuesday, Jan 10, 2023 - 06:28 PM (IST)

शिमला(राक्टा): अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं प्रदेश में कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के केंद्रीय पर्यवेक्षक रघुवीर सिंह मीणा ने सभी जिला व ब्लॉक अध्यक्षों का आह्वान किया है कि वह 26 जनवरी से शुरू हो रहे इस अभियान को गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आज देश में जिस प्रकार लोकतंत्र की हत्या की जा रही है और लोगों की आवाज को दबाया जा रहा है, उसके लिए लोगों को जागरूक करने की बहुत ही आवश्यकता है। केंद्रीय पर्यवेक्षक मीणा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में जिला, ब्लॉक व अग्रणी संगठनों के प्रमुखों की मंगलवार को हुई बैठक को संबोधित करते हुए ये बात कही।
उन्होंने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान भारत जोड़ो अभियान का ही एक हिस्सा है, जो 26 जनवरी से शुरू होगा और आगामी 2 माह तक हर जिला, ब्लॉक व गांव-गांव से होते हुए हर घर-घर तक जाएगा। इस अवसर पर अपने संबोधन में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल कांग्रेस के आग्रह पर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 19 जनवरी को कांगड़ा जिला के इंदौरा पहुंचेगी। इस यात्रा में मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री के साथ ही सभी मंत्री, विधायक एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे।

Content Writer

Kuldeep