सुबह 6 बजे हिमाचल के बॉर्डर पर पहुंचेगी भारत जोड़ो यात्रा, राहुल गांधी यहां करेंगे जनसभा

Tuesday, Jan 17, 2023 - 11:14 PM (IST)

इंदौरा/नूरपुर (टीम): कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार को हिमाचल के बॉर्डर पर पहुंचेगी। 18 जनवरी को सुबह 7 बजे यात्रा 124वें दिन प्रदेश के इंदौरा में प्रवेश करेगी। यात्रा के दौरान प्रदेश में 23 किलोमीटर का पैदल सफर तय होगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को भारत जोड़ो यात्रा के प्रवेश स्थल कांगड़ा जिले के इंदौरा के निकट मानसर टोल प्लाजा का दौरा किया, साथ ही मलोट में राहुल गांधी की प्रस्तावित जनसभा स्थल का भी दौरा किया। मंगलवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने यात्रा के प्रबंधन कार्यों को लेकर बैठकें कीं। 

मानसर टोल बैरियर पर होगी फ्लैग हैंडिंग सेरेमनी
राहुल गांधी 18 जनवरी को दोपहर बाद 4 बजे कांगड़ा के इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के मलोट में जनसभा को संबोधित करेंगे। 18 जनवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5:30 बजे तक भारत जोड़ो यात्रा हिमाचल में होगी। 18 जनवरी को सुबह पंजाब और हिमाचल के बॉर्डर पर मानसर टोल बैरियर पर सुबह 7 बजे फ्लैग हैंडिंग सेरेमनी होगी। यहां से राहुल गांधी काठगढ़ मंदिर, इंदौरा होकर करीब 23 किलोमीटर का पैदल सफर कर मलोट पहुंचेंगे। शाम को यात्रा पंजाब के पठानकोट पहुंचेगी। यहीं राहुल गांधी का रात्रि कैंप लगेगा। 

मुख्यमंत्री की संगठन व सरकार के मंत्रियों व आला अधिकारियों से अलग-अलग बैठकें
इंदौरा में होने वाली कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नूरपुर में मंगलवार को संगठन तथा सरकार के मंत्रियों व आला अधिकारियों से अलग-अलग बैठकें की। गौरतलब है कि 18 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा हिमाचल के इंदौरा में प्रवेश कर रही है तथा मुख्यमंत्री उक्त यात्रा को सफल बनाने को लेकर पूरी तरह गम्भीर हैं। नूरपुर में मंगलवार को पूरा दिन प्रदेश सरकार में मंत्रियों, सीपीएस तथा कांग्रेस के संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेताओं की चहलकदमी रही। भारत जोड़ो यात्रा का खाका तैयार करने के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने मिलने आए आम लोगों की समस्याओं को भी सुना तथा विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से भी भेंट की। 

पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष स्व. राकेश महाजन के घर पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री दोपहर के समय वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष स्व. राकेश महाजन के घर पहुंचे तथा उनके साथ बिताए हुए कुछ पल भी सांझा किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा राकेश महाजन परिवार के साथ खड़ी है। इस अवसर पर उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद आनंद शर्मा, हिमाचल कांग्रेस सह-प्रभारी संजय दत्त, अजय महाजन सहित आला अधिकारी, स्व. राकेश महाजन की धर्मपत्नी कृष्णा महाजन, योगेश महाजन व गौरव महाजन मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने काठगढ़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर में की पूजा-अर्चना 
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को कांगड़ा जिले के इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में काठगढ़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री के साथ सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डाॅ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी संजय दत्त, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार गोकुल बुटेल, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, विधायक, पूर्व विधायक, डीसी कांगड़ा डाॅ. निपुण जिंदल और क्षेत्र के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

कांगड़ा पहुंचने पर ये रहेगा ट्रैफिक रूट
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के तहत पुलिस ने ट्रैफिक रूट में बदलाव किए हैं। 18 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा के इंदौरा क्षेत्र में पहुंचने के बाद टमोटा से चक्की पुल पठानकोट के अंतर्गत डमटाल से इंदौरा क्षेत्र में आने वाले वाहनों की एंट्री मोहटली रैम्प से इंदौरा वाया सूरजपुर-मोहटली-मलोट-डाहकुलाड़ा-भप्पू क्षेत्र में नहीं होगी जबकि मोहटली से आने वाले वाहनों के लिए इंदौरा-शेखपुरा-कंदरोड़ी, खूबड़-चीनोर-तीन पुलियां की तरफ डायवर्ट की जाएगी। मंड-मियानी से इंदौरा की तरफ आने वाले वाहनों की एंट्री टांडा से इंदौरा वाया वैं नादौन-इंदौरा बैरियर चौक क्षेत्र में निषेध होगी जबकि उक्त वाहन मंड मियानी से अरनी विश्वविद्यालय-टांडा, मोरगुज्जर कालोनी-शीतला माता मंदिर-तारा खड्ड ब्रिज इंदौरा की तरफ डाइयर्ट होंगे। मंड से इंदौरा आने वाले वाहनों की एंट्री काठगढ़ से इंदौरा निषेध रहेगी। यह जानकारी एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने दी। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay