Bilaspur: भारी बारिश से गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, घर में घुसा मलबा

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 06:35 PM (IST)

भराड़ी (राकेश): भराड़ी उपतहसील के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मरहाणा के गांव मरहाणा में वीरवार दोपहर बाद हुई भारी बारिश ने एक गरीब परिवार पर कहर बरपा दिया। भारी वर्षा के चलते खेत से आया मलबा सीधे सुरेंद्र कुमार के घर के बरामदे और कमरों तक पहुंच गया, जिससे घर को नुकसान पहुंचा और परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र कुमार परिवार के मुखिया हैं और दिव्यांग हैं। उनका परिवार बीपीएल श्रेणी से संबंध रखता है। आर्थिक स्थिति पहले से कमजोर होने के कारण इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत मरहाणा की प्रधान शिल्पा पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया, और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। प्रधान ने कहा कि मामले की जानकारी प्रशासन को दी जाएगी ताकि प्रभावित परिवार को सरकार की ओर से नियमानुसार उचित राहत और आर्थिक सहायता मिल सके। वहीं, हल्का पटवारी युवराज ने बताया कि प्रभावित परिवार के हुए नुकसान का आकलन कर जल्द ही इसकी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगी, ताकि नियमानुसार राहत प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News