भागसूनाग वाटरफाल में फिर हो सकता है बड़ा हादसा, Selfie के लिए जान खतरे में डाल रहे पर्यटक

Wednesday, Jul 24, 2019 - 07:14 PM (IST)

धर्मशाला (नरेश): इन दिनों भागसूनाग पहुंच रहे पर्यटक सैल्फी लेने व फोटो खिंचवाने में अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। हालात यह हैं कि 5 दिन पहले भागसूनाग वाटरफाल पर जहां पहाड़ी दरकने के चलते 8 पर्यटक मलबे की चपेट में आए थे। इसके बाद खतरे को देखते हुए मंदिर प्रशासन, स्थानीय युवक मंडल ने जगह-जगह चेतावनी बोर्ड भी लगा दिए हैं। इसके बावजूद पर्यटक उसी जगह पर काफी देर खड़े होकर सैल्फी लेकर बोर्डों को ठेंगा दिखा रहे हैं। इतना ही नहीं, कई जगह तो पर्यटक खतरनाक पहाड़ियों पर चढ़कर सैल्फी व फोटो लेने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं।

संभावित हादसे वाली जगहों पर तैनात किए जाएं सुरक्षा कर्मी

हालांकि भागसूनाग में हुए भू-स्खलन के चलते पर्यटकों के घायल होने पर जिला प्रशासन ने बकायदा पर्यटकों के लिए भी गाइडलाइंस जारी की हैं। क्षेत्र के बुद्धिजीवी वर्ग की मानें तो संभावित हादसे वाली जगहों में बरसात के मौसम में चेतावनी बोर्डों के साथ सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएं। उधर, ए.एस.पी. कांगड़ा दिनेश कुमार ने पर्यटकों को सचेत किया है कि भू-स्खलन वाली जगहों पर न जाएं। इसके बावजूद भी स्थिति में सुधार नहीं होता है तो बनती कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Vijay