शिवसेना हिंद और BJP पदाधिकारी के बीच नोकझोंक, ऐले टला मामला

Sunday, Mar 04, 2018 - 03:22 PM (IST)

दौलतपुर चौक (परमार): शिवसेना हिंद और स्थानीय भाजपा के एक पदाधिकारी के बीच हुए मारपीट प्रकरण का विवाद सुलझने से एक बड़ा टकराव होने से टल गया। रविवार सुबह दौलतपुर चौक विश्रामगृह के अन्दर भाजपा पदाधिकारी किसी बैठक को लेकर जुटे हुए थे तो बाहर शिवसेना हिन्द के राष्ट्रीय अध्यक्ष निशांत शर्मा एक बैठक में हिस्सा ले रहे थे। दोनों बैठकें खत्म होने के उपरांत शिवसेना हिन्द के राष्ट्रीय अध्यक्ष निशांत शर्मा का काफिला भी बैठक स्थल से चला गया तो वहीं गगरेट भाजपा के विधायक राजेश ठाकुर भी विश्रामगृह से क्षेत्र के लिए रवाना हो गए। इसी बीच शिवसेना हिन्द और भाजयुमो के एक पदाधिकारी की विश्रामगृह के प्रांगण में किसी बात को लेकर नोकझोंक हो गई।


मामला मारपीट तक पहुंच गया, जिसके उपरांत वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। नोकझोंक का यह मामला विश्रामगृह से निकलकर बाहर सड़क में पहुंचने से एक बड़े टकराव के मुहाने तक भी पहुंच गया लेकिन स्थिति विस्फोटक होने से पहले ही नियंत्रण में हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शिवसेना हिन्द के राष्ट्रीय अध्यक्ष निशांत शर्मा का काफिला अपने सुरक्षा दस्ते के साथ चंद मिनटों में ही पुन: विश्रामगृह में पहुंच गया। उस दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच जुबानी जंग जारी थी। उस दौरान माहौल ऐसा बन गया था की स्थिति बेकाबू भी हो सकती थी। मौके पर स्थानीय पुलिस भी मौजूद थी। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे थे। दोनों पक्षों के बुद्धिजीवियों के हस्तक्षेप से अंतत विवाद माफीनामे से निपट गया जिसके उपरांत माहौल शांत हुआ।


शिवसेना हिन्द के राष्ट्रीय अध्यक्ष निशांत शर्मा ने कहा कि किसी बात को लेकर विवाद हुआ था लेकिन दोनों पक्षों का समझौता होने से बात खत्म हो गई है। गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर ने कहा कि इस मामले की अभी उन्हें जानकारी मिली है। वस्तुस्थिति जानने के उपरांत ही वह इस मामले के बारे में कुछ कहने की स्थिति में होंगे। लोक निर्माण विभाग मंडल भरवाईं के अधिशाषी अभियंता दिनेश धीमान से जब दौलतपुर चौक के विश्रामगृह में 2 कार्यकर्मों का एक ही समय आयोजित होने संबंधी पूछा गया तो उन्होंने कहा कि विश्रामगृह में किसी भी कार्यक्रम को आयोजित करने की कोई भी अनुमति नहीं थी। इस मामले में विभाग के संबंधित अधिकारी को वार्निंग लैटर जारी किया जा रहा है।