फोरलेन परियोजना में कांगड़ा के लोगों के साथ हुआ विश्वासघात: महाजन

punjabkesari.in Thursday, Dec 10, 2020 - 06:25 PM (IST)

नूरपुर (ब्यूरो) : कांगड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय महाजन ने पठानकोट-मंडी प्रस्तावित फोरलेन परियोजना के निर्माण में प्रदेश सरकार पर कांगड़ा की अनदेखी व कांगड़ा के लोगों के साथ विश्वासघात करने का गंभीर आरोप लगाया है। महाजन ने कहा कि सरकार द्वारा बनाई जाने वाली उक्त परियोजना अब जिला के हजारों प्रभावित परिवारों के अरमानों का गला घोटते हुए बढ़ेगी, क्योंकि परियोजना के तहत जो भू अधिग्रहण रेट जिला प्रशासन द्वारा सन 2019 में निर्धारित किए गए थे अब उनको लगभग 4 गुना कम करके सरकार लोक निर्माण विभाग के मानकों के अनुसार निर्धारित कर घोषित कर रही है, जिससे हजारों परिवारों के अरमानों पर कुल्हाड़ी चली है। महाजन ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा 2019 में भू अधिग्रहण के रेट 7 से 8 हजार प्रति स्कवेयर मीटर दिया गया था जिसको और बढ़ाने के लिए संघर्ष समितियों द्वारा मांग उठती रही है, लेकिन सरकार ने रेट बढ़ाना तो दूर संघर्ष समितियों को विश्वास में लिए बिना रेट 4 गुना कम कर दिया है।

महाजन ने कहा कि भाजपा के विजिन डॉक्यूमैंट में फोरलेन परियोजना के लिए 2 फैक्टर के तहत मुआवजा देने की बात कही गई थी, जबकि उक्त परियोजना में सरकार 2 फैक्टर के तहत मुआवजा देने के लिए भी मुकर चुकी है। महाजन ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के मानकों के तहत जो अधिग्रहन किया जा रहा है उसमें पुराने भवनों के मालिकों को तो या तो मुआवजा मिलेगा ही नहीं या फिर नामात्र मुआवजा मिलेगा। महाजन ने जिला कांगड़ा के मंत्रियों, भाजपा के बड़े नेताओं, भाजपा विधायकों से प्रश्न पूछते हुए कहा कि जिला कांगड़ा के लोगों के साथ इतना बड़ा अन्याय हो रहा है तो आप लोग क्यों चुप हैं। महाजन ने कहा कि कांगड़ा के हक के लिए यदि आवाज नहीं उठाई तो इसका जवाब जनता भाजपा नेताओं को आने वाले विस चुनावों में देगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Jinesh Kumar

Recommended News

Related News