चुनाव से पहले वीरभद्र पर ED की बड़ी कार्रवाई, 5.6 करोड़ की संपत्ति अटैच

Friday, Oct 13, 2017 - 07:43 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रवर्तन निदेशालय (ई.डी.) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ई.डी. ने उनकेबेटे विक्रमादित्य सिंह की 2कंपनी की 5.6 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की है। ई.डी. की इस कार्रवाई के बाद वीरभद्र परिवार की कुल 40 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।बता दें कि ई.डी. ने सितम्बर, 2015 में वीरभद्र सिंह, उनके बेटे व अन्यों पर पी.एम.एल.ए. के तहत मामला दर्ज किया था। ई.डी. ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सी.बी.आई.) की एक आपराधिक शिकायत के संज्ञान में आने पर इस मामले को दर्ज किया। सी.बी.आई. ने 31 मार्च को आरोप पत्र दाखिल किया था जब उच्च न्यायालय ने वीरभद्र सिंह व उनकी पत्नी पर बेहिसाब संपत्ति मामले में एफ.आई.आर. रद्द करने से इंकार कर दिया था। वीरभद्र सिंह ने दावा किया था कि प्राथमिकी दर्ज करना बदले की राजनीति का नतीजा है। ई.डी. वीरभद्र सिंह व उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ 2009 व 2011 के बीच उनकी आय के ज्ञात स्रोतों की तुलना में 6.1 करोड़ रुपए की अधिक संपत्ति जुटाने के आरोपों की जांच कर रहा है। इस दौरान वीरभद्र सिंह केंद्रीय इस्पात मंत्री थे।