स्कूली बच्चों व महिला पर मधुमक्खियों ने किया हमला, बच्ची की मौत

Saturday, May 12, 2018 - 05:47 PM (IST)

बिलासपुर (मुकेश): जिला के नम्होल क्षेत्र के तहत पडऩे वाली घ्याल पंचायत के मामणू में स्कूली बच्चों व एक महिला पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस दौरान एक बच्ची की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पायल (12) पुत्री प्रकाश चंद, अमित कुमार (12) पुत्र इंद्र सिंह व पल्लू (7) पुत्री इंद्र सिंह गत दिवस घ्याल स्कूल से पढ़कर वापस अपने घर जा रहे थे कि रास्ते में इन पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया।


बच्चों के पास पहुंचे ही महिला पर भी कर दिया हमला
जब मधुमक्खियों के बच्चों को काटा तो उन्होंने चिल्लाना शुरू कर दिया। बच्चों की चिल्लाने की आवाजें सुनकर पायल की मां अंजू (30)पत्नी प्रकाश चंद मौके पर पहुंची। इनमें अमित कुमार व पल्लू भाई-बहन हैं। बताया जा रहा है कि जैसे ही अंजू बच्चों के पास पहुंची तो मधुमक्खियों ने उसे भी काट लिया लेकिन जैसे-तैसे अंजू तीनों बच्चों को वहां से ले जाने में कामयाब रही। इसके बाद परिजन उन्हें देर शाम उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर लेकर आए।


बच्ची ने अस्पताल जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
बताया जा रहा है कि पायल को मधुमक्खियों ने ज्यादा काटा था, जिससे उसका शरीर नीला पड़ गया था। पायल की गंभीर हालत को देखते हुए चिक्तिसकों ने उसे आई.जी.एम.सी. शिमला रैफर कर दिया लेकिन पायल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं अंजू, अमित कुमार व पल्लू का क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में उपचार चल रहा है। तीनों खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत घ्याल के प्रधान पदम देव शर्मा ने इसकी पुष्टि की है तथा प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन से पीड़ितों को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।

Vijay