CM का PA बनकर रची मोबाइल ठगी की साजिश, शातिर ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

Saturday, Dec 01, 2018 - 09:09 PM (IST)

कांगड़ा: कांगड़ा पुलिस ने मुख्यमंत्री का पी.ए. बनकर फोन करने वाले एक शातिर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उस पर धारा 170 व 419 के तहत मामला दर्ज किया है। मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण कांगड़ा पुलिस ने इसकी सूचना एस.पी. कांगड़ा को दी और एस.पी. कांगड़ा संतोष पटियाल भी कांगड़ा पहुंच गए। एस.पी. संतोष पटियाल के अनुसार पुलिस थाना कांगड़ा के अंतर्गत एक व्यक्ति ने फोन करके कांगड़ा के ग्रोवर मोबाइल विक्रेता को बताया कि वह सी.एम. का पी.ए. बोल रहा है और सी.एम. की बेटी के लिए आई फोन 10 एस. खरीदना है और इसके लिए वह अपना एक आदमी भेज रहा है। इसे उचित दाम पर कम से कम रेट पर दे देना। दुकानदार के अनुसार यह फोन लगभग 99900 रुपए का है। दुकानदार ने उसे कहा कि वह 1-2 हजार रुपए कम कर देगा।

ऐसे पकड़ा गया शातिर

जिस प्रकार से वह व्यक्ति बात कर रहा था, इस पर दुकानदार को उसके नकली पी.ए. होने का शक हुआ। इस पर उसने इसकी जानकारी डी.एस.पी. पूर्ण चंद को दी। जानकारी मिलते ही डी.एस.पी. दुकान पर तुरंत पहुंच गए। आरोपी अनिल कुमार निवासी ग्राम चौकी तहसील धर्मपुर एक स्कॉर्पियो कार (एच.पी. 33टी-9310) में मोबाइल विक्रेता की दुकान पर पहुंचा। जैसे ही वह दुकान पर पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसने बताया कि वह धर्मशाला में कैंटीन चलाता है। एस.पी. कांगड़ा संतोष पटियाल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर छानबीन शुरू कर दी है और इस बात का पता लगाया जाएगा कि वह कहां-कहां सी.एम. के पी.ए. के रूप में इस पद का नाम लेकर दुरुपयोग करता रहा है।

Vijay