Hamirpur: ''वी बी राम जी योजना'' में अब घर के आंगन में भी बनेंगे डंगे, चैकडैम और रास्तों का होगा निर्माण

punjabkesari.in Saturday, Oct 17, 2026 - 07:29 PM (IST)

हमीरपुर (मनदीपा): विकास खंड बमसन (टौणीदेवी) के तहत आने वाले ग्रामीणों के लिए एक राहत भरी खबर है। अब 'वी बी राम जी योजना' के अंतर्गत केवल सार्वजनिक स्थानों पर ही नहीं, बल्कि लोगों के घरों के आंगन में भी डंगे (सुरक्षा दीवार) बनाए जा सकेंगे। इसके साथ ही आपदा या भारी बारिश के कारण गिरे डंगों का निर्माण व मुरम्मत कार्य भी इसी योजना के तहत किया जाएगा। यह जानकारी बमसन ब्लॉक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहीं बीडीओ वैशाली शर्मा ने दी। गौरतलब है कि वैशाली शर्मा वर्तमान में नादौन विकास खंड के साथ-साथ बमसन का कार्यभार भी देख रही हैं।

बीडीओ वैशाली शर्मा ने योजना के विस्तार की जानकारी देते हुए बताया कि 'वी बी राम जी योजना' के तहत अब ग्रामीण क्षेत्रों में चैकडैम का निर्माण और उनकी मुरम्मत का कार्य भी सुचारू रूप से किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, गांव की सुविधा के लिए कच्चे और पक्के रास्तों का निर्माण भी इसी योजना के दायरे में लाया गया है, जिससे ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

शनिवार को शारदीय नवरात्र के सातवें दिन (सप्तमी) के शुभ अवसर पर ग्राम पंचायत बारीं के कार्यालय को ऊहल चौक पर नैशनल हाईवे-3 के किनारे शिफ्ट कर दिया गया। नए कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर बीडीओ वैशाली शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। ग्राम पंचायत बारीं के प्रधान राजीव चौहान ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया।

इस अवसर पर कई अन्य पंचायतों के प्रतिनिधि भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनमें लगदेवी के प्रधान सचिन ठाकुर, सिकांदर पंचायत के प्रधान सौरभ शर्मा, पटनोंण पंचायत के प्रधान सुभाष ठाकुर और टप्परे पंचायत के प्रधान काकू शामिल थे। इसके अलावा, बारीं पंचायत के उपप्रधान अशोक चौहान, वार्ड सदस्य अंजू देवी, पिंकी देवी, सुनीता देवी, राजेश काका, राकेश काकू, पूर्व प्रधान जगदीश चौहान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्राम पंचायत बारीं के प्रधान राजीव चौहान ने पंचायत कार्यालय को एनएच-3 किनारे शिफ्ट करने का मुख्य कारण जनता की सुविधा बताया। उन्होंने भविष्य की विकास योजनाओं का खाका रखते हुए कहा कि पंचायत के विकास के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। जल्द ही बारीं में एनएच-3 के किनारे बच्चों के लिए एक 'चिल्ड्रन पार्क' का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही चाहड़ मोड़ के पास एनएच किनारे एक मल्टीपर्पज सामुदायिक भवन का भी निर्माण करवाया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को बड़े आयोजनों के लिए सुविधा मिल सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News