BDO अम्ब ने माऊंट एवरेस्ट पर दिया बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश

Wednesday, May 23, 2018 - 12:56 AM (IST)

अम्ब: हिमाचल प्रदेश के युवा अधिकारी बी.डी.ओ. अम्ब सलीम आजम ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माऊन्ट एवरेस्ट पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और स्वच्छ भारत मिशन का संदेश देकर एक इतिहास रच दिया। गत दिनों माऊन्ट एवरेस्ट के लिए रवाना हुए खंड विकास अधिकारी अम्ब ने गत 20 मई को 17,600 फुट की ऊंचाई पर माऊन्ट एवरेस्ट के बेस कैम्प में भारत सरकार द्वारा चलायी जा रही उक्त मुहिम का संदेश दिया है।


12 मई को रवाना हुए थे ऊना के जांबाज अधिकारी
बता दें कि गत 12 मई को ए.डी.सी. ऊना कृतिका कुलहरी ने जिला ऊना के जांबाज अधिकारी सलीम आजम को हरी झंडी देकर माऊन्ट एवरेस्ट के लिए रवाना किया था। यह पहला मौका है कि किसी भारतीय अधिकारी ने अंतर्राष्टीय स्तर पर विश्व की सबसे ऊंची पर्वत श्रृंखला को फतह कर वहां पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और स्वच्छ भारत मिशन जैसी  सरकार द्वारा चलायी जा रही विशेष मुहिमों का संदेश दिया है।


वापस आने को अभी बचा है 2 दिन का पैदल रास्ता
माऊन्ट एवरेस्ट फतह कर वापस लौट रहे बी.डी.ओ. अम्ब ने मंगलवार को फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि उनके इस दल में दिल्ली, बैंगलूरू व हैदराबाद के कुल 9 पर्वतारोही हैं। अभी करीब 2 दिन का पैदल रास्ता तह करने को बचा है। उन्होंने बताया कि माऊन्ट एवरेस्ट की चोटी पर तापमान -10 डिग्री था लेकिन जैसे-जैसे नीचे आ रहे हैं तापमान बढ़ रहा है। मंगलवार को वे नेपाल के जिस कैम्प में रुके हैं यहा का तापमान -1 डिग्री सेल्सियस है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य था कि वे अंतर्राष्टीय स्तर पर विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर उक्त मुहिमों का संदेश दें जोकि जिला प्रशासन के सहयोग से सम्भव हो पाया है।

Vijay