वेतन वृद्धि की मांग को लेकर गरजे बैंक कर्मचारी, रैली निकाल जताया विरोध

Thursday, May 31, 2018 - 12:47 AM (IST)

धर्मशाला/पालमपुर: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के बैनर तले राष्ट्रीयकृत बैंकों के अधिकारी व कर्मचारी वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सभी बैंकों में कामकाज पूर्णतया ठप्प रहा और कोई भी उपभोक्ता बैंक शाखाओं में लेनदेन नहीं कर पाया। इस दौरान धर्मशाला, पालमपुर, कांगड़ा, देहरा व डमटाल में बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों ने नारेबाजी की। इसके उपरांत कचहरी अड्डा तक रोष रैली भी निकाली गई।


बैंक हड़ताल इच्छा नहीं मजबूरी है  
रैली के दौरान बैंक कर्मियों ने कहा कि उन्हें केंद्र सरकार के कर्मचारी की बेसिक-पे के मुकाबले बहुत कम बेसिक-पे मिलती है। हर संस्था में कार्य का समय सुनिश्चित है लेकिन बैंक कर्मियों को सुबह 9 से रात के 10-11 बजे तक कार्य करना पड़ता है। बड़े-बड़े उद्योगपतियों को सरकार लोन देती है और अगर लोन की उगाही करने में विफल रहती है तो इसका ठीकरा बैंक कर्मचारियों पर फोड़ा जाता है। उन्होंने कहा कि बैंक हड़ताल उनकी इच्छा नहीं है बल्कि मजबूरी है। वेतन वृद्धि को लेकर सभी बैंक कर्मचारी 2 दिन तक हड़ताल पर रहेंगे।


ए.टी.एम. तथा सी.डी.एम. पर बढ़ा बोझ
हड़ताल के कारण बैंकों में कामकाज ठप्प रहने के कारण ए.टी.एम. तथा सी.डी.एम. पर बोझ बढ़ा है। हड़ताल के कारण बैंकों के शटर बंद होने के कारण लोग धन की निकासी के लिए ए.टी.एम. की लाइनों में लगे रहे, वहीं धन जमा करवाने के लिए सी.डी.एम. का सहारा लिया। वीरवार को कैश के लिए लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

Vijay