दुकानदार ने फंदा लगाकर दे दी जान, सुसाइड नोट बरामद

Monday, Feb 14, 2022 - 09:55 PM (IST)

बनीखेत (दर्शन): जिले के बनीखेत में एक दुकानदार ने अपने घर के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी है। दुकानदार की पहचान उमित पाल निवासी बनीखेत के रूप में हुई है। वह बनीखेत बाजार में स्टेशनरी की दुकान करता था। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। इसमें कुछ लोगों को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सुसाइड नोट में उल्लेखित लोगों के खिलाफ आई.पी.सी. की धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया है। सोमवार को सुबह उमित पाल काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला। इसके चलते उसका भाई उसे जगाने गया। कमरे में जाकर देखा तो उमित पाल को पंखे से फंदे पर लटका पाया। यह देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसका भाई चिल्लाने लगा। उसके चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बनीखेत पुलिस चौकी से टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में उमित पाल को फंदे से नीचे उतारा। डी.एस.पी. डल्हौजी विशाल वर्मा ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस को कमरे के निरीक्षण दौरान एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए। इसके बाद पुलिस ने सुसाइड नोट में उल्लेखित लोगों के खिलाफ डल्हौजी पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। डी.एस.पी. डल्हौजी विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Content Writer

Kuldeep