तेल गैस की संभावनाएं तलाशने पहुंची ओ.एन.जी.सी.

Monday, Aug 05, 2019 - 09:08 PM (IST)

बंगाणा, (शर्मा): सैटेलाइट सर्वे के आधार पर तेल एवं गैस की संभावनाएं तलाशने को ओ.एन.जी.सी. टीम ऊना जिला के बंगाणा तहसील क्षेत्र के दौरे पर आई है। ओ.एन.जी.सी. द्वारा उक्त क्षेत्र में तेल एवं गैस होने के संकेतों के चलते अभियान शुरू किया है। इस दौरान टीम द्वारा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर मशीनों से ड्रिलिंग करके मिट्टी व अन्य खनिजों के सैंपल एकत्रित किए जा रहे हैं जिनको हैदराबाद स्थित ओ.एन.जी.सी. की लैब में भेजा जाएगा। इसकी रिपोर्ट आने पर ही क्षेत्र में तेल व गैस होने का पता चल पाएगा। जांच के दौरान आधुनिक जी.पी.एस. और गूगल मैप का प्रयोग किया जा रहा है, उसके बाद ही जमीन में ड्रिलिंग की जा रही है जिसमें करीब 200 फुट तक गहरी ड्रिलिंग की जा रही है। इस बारे में अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता है कि यहां पर तेल व गैस मिलेगी या नहीं।

मिट्टी व अन्य तत्वों के सैंपल लेकर हैदराबाद लैब में भेजे जाएंगे

ओ.एन.जी.सी. टीम के अधिकारी संतोष मौर्य ने बताया कि टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर ड्रिलिंग के दौरान मिट्टी व अन्य तत्वों के सैंपल लेकर हैदराबाद लैब में भेजे जाएंगे। इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही तेल व गैस होने की संभावनाओं का पता चल पाएगा। इससे पहले भी ओ.एन.जी.सी. प्रदेश भर में विभिन्न स्थानों पर सैटेलाइट सर्वे के आधार पर तेल गैस खोजने को ड्रिलिंग करने का कार्य कर चुकी है लेकिन उसमें सफलता नहीं मिल पाई है।

Kuldeep