पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने साथा निशाना, बोले-चुनाव में EVM की गड़बड़ी से हुई BJP की जीत

Friday, May 31, 2019 - 08:26 PM (IST)

बिलासपुर: जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक इंदिरा भवन बिलासपुर में शुक्रवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बंबर ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रमुखता से कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के इस्तीफे के प्रस्ताव पर चर्चा की गई, वहीं लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के कारणों पर भी चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पूर्ण आस्था व विश्वास प्रकट किया गया तथा राहुल गांधी द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से त्याग पत्र न देने का आग्रह प्रस्ताव भी पारित कर हाईकमान को प्रेषित किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष बंबर ठाकुर नेइस चुनाव में भाजपा की जीत पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन चुनावों में भाजपा की जीत ई.वी.एम. में गड़बड़ी से हुई है न किसी अन्य कारण से।

ई.वी.एम. की अपेक्षा बैलेट पेपर से करवाए जाने चाहिए चुनाव

उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी दलों को एकजुट होकर मांग करनी चाहिए कि विश्व के चुनिंदा देशों की तरह चुनाव ई.वी.एम. की अपेक्षा बैलेट पेपर से करवाए जाने चाहिए। इस पर फिर भी गौर न हो तो फिर चुनाव का बहिष्कार करने की बात की जानी चाहिए। उन्होंने बैलेट पेपर द्वारा चुनाव करवाने की बात पर जोर देते हुए कहा कि यू.एस.ए., जर्मनी, फ्रांस व ब्रिटेन सहित विश्व के अन्य देशों में आज भी ई.वी.एम. की अपेक्षा बैलेट पेपर से ही चुनाव हो रहे हैं तो भारत में क्यों ई.वी.एम. से चुनाव करवाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बैठक में मौजूद पदाधिकारियों से एकजुटता से कार्य करने का आह्वान किया।

संगठन में किसी भी पदाधिकारी को बयानबाजी करने का अधिकार नहीं

बैठक में उन्होंने हाल ही में बिलासपुर नगर परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के बीच उपजे विवाद पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि संगठन में किसी भी पदाधिकारी को बयानबाजी करने का अधिकार नहीं है। पार्टी संगठन ने इन दोनों नेताओं को यह पद देकर मान-सम्मान दिया है। इसलिए इस मुद्दे पर बिलासपुर नगर परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को नोटिस जारी किया जाएगा। बैठक में जिला कांग्रेस के प्रमुख पदाधिकारी गोपाल शर्मा, अब्दुल रहमान, नईम शेख, बंत सिंह चंदेल व रीता सहगल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Vijay