भाजपा में जाने पर Bali खामोश, बोले-17 अगस्त को करूंगा बड़ा खुलासा

Tuesday, Jul 11, 2017 - 11:25 PM (IST)

शिमला:  शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान जब परिवहन मंत्री जी.एस. बाली से भाजपा में जाने को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने न हां की और न ही न कहा। उन्होंने सिर्फ इतना कहकर संशय में डाल दिया कि वह 17 अगस्त को मन की बात में बड़ा खुलासा करेंगे। वहीं सी.एम. को लिखा उनका पत्र लीक हो गया है। इसमें उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराध पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम में कांग्रेस की हार का कारण आपसी तालमेल की कमी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी अपनी रणनीति के तहत कार्य कर रही है और इसके लिए पथ यात्रा को निकाला जा रहा है। 

किसी से भी हो सकते हैं व्यक्तिगत संबंध 
मेजर विजय सिंह मनकोटिया के साथ बीते दिन हुई मुलाकात को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत संबंध किसी से भी हो सकते हैं और उसमें राजनीति को नहीं लाना चाहिए। उन्होंने मनकोटिया को उपाध्यक्ष पद से हटाए जाने पर कहा कि यह मुख्यमंत्री का क्षेत्राधिकार है। वैसे भी जब मनकोटिया को उपाध्यक्ष बनाया तो उनसे नहीं पूछा गया था। 

एहतियात बरतेगा परिवहन निगम
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा पर गए श्रद्धालुओं पर हुए आतंकी हमले के बाद हिमाचल सरकार भी चौकस हो गई है। सरकार ने इस हमले के बाद परिवहन निगम में एडवाइजरी जारी कर दी है। उन्होंने अनंतनाग में अमरनाथ यात्रियों पर हुए हमले की निंदा की है। उन्होंने कोटखाई में एक नाबालिग के साथ जघन्य अपराध पर भी चिंता जताई।  

मुख्यमंत्री की मंत्रियों व कांग्रेस नेताओं से मंत्रणा
परिवहन मंत्री की पत्रकार वार्ता और गत दिन उनकी मेजर विजय सिंह मनकोटिया के साथ हुई मुलाकात के बाद प्रदेश की सियासत फिर गरमा गई है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की बदले सियासी माहौल को लेकर सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स, विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल, उद्योग मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री, कांग्रेस नेताओं और विधायकों से मंत्रणा हुई। सूत्रों के अनुसार उद्योग मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने मुख्यमंत्री से इस मामले पर अलग से मंत्रणा की, साथ ही उनकी परिवहन मंत्री के साथ भी अलग से बातचीत करने की सूचना है। 

सचिवालय में गरमाया माहौल
परिवहन मंत्री के बदले मिजाज को देखते हुए मंगलवार को प्रदेश सचिवालय का माहौल गरमाया रहा। सूत्रों के अनुसार इसी कारण मंगलवार को मंत्रिमंडल बैठक को टाल दिया गया। हालांकि इस बैठक को लेकर पहले किसी तरह का सर्कुलर जारी नहीं किया गया था। बताया जा रहा है कि अब बैठक का आयोजन 17 जुलाई को हो सकता है। इससे पहले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह 12 जुलाई को सोलन जिला के नालागढ़ का दौरा करेंगे। 

बाली से नहीं हुई कोई बातचीत : सत्ती
वहीं हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने परिवहन मंत्री के भाजपा में शामिल होने से संबंधित किसी भी प्रकार की अटकलों को खारिज किया। उन्होंने संपर्क करने पर कहा कि हमारी बाली से कोई बातचीत नहीं हुई।