बाजवा बोले-पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने का उदाहरण है राफेल घोटाला

Saturday, Aug 25, 2018 - 11:07 PM (IST)

धर्मशाला: राफेल घोटाला देशहित को दांव पर लगाकर अपने पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के गड़बड़झाले का जीता जागता उदाहरण है। यह बात एम.पी. व हिमाचल कांग्रेस के सह प्रभारी प्रताप सिंह बाजवा ने शनिवार को धर्मशाला में आयोजित प्रैसवार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने फ्रांस में 36 जैट की सीधी खरीद की जोकि 1670 करोड़ एक जैट की कीमत आ रही है वो कांग्रेस सरकार में 500 करोड़ थी।

अनिल अंबानी को लाभ पहुंचाने के लिए की गई डील
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अनिल अंबानी को लाभ पहुंचाने के लिए यह डील की गई है और डील से मात्र 15 दिन पहले ही अनिल अंबानी की कंपनी रजिस्टर करवाई गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस कंपनी ने आज दिन तक एक सुई तक नहीं बनाई उसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा इतना बड़ा कान्ट्रैक्ट थमा दिया। उन्होंने कहा कि 126 जहाजों के बदले मात्र 60 जहाज ही लिए गए। इसके साथ ही कांग्रेस के समय में हुई डील में 18 जहाज तुरंत लिए जाने थे और बाकि जहाज खुद देश में तैयार किए जाने थे जिससे भारत को किसी देश पर आश्रित नहीं रहना पडऩा था लेकिन आज देश को मोदी सरकार ने आश्रित कर दिया है।

डील से अंबानी को पहुंचाया 1 लाख करोड़ का लाभ
 इतना ही नहीं, जो डील की गई है उसमें अंबानी को 1 लाख करोड़ का सीधा लाभ पहुंचाया गया है ओर 30 हजार करोड़ का एक अलग कान्ट्रैक्ट किया गया है, वहीं इस घोटाले को करने के लिए 3 बार डिफैंस मनिस्टर को ही बदलना पड़ा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की कथनी और करनी में अंतर है और आज सरकार चौकीदार से भागीदार बन गई है। इसको देखते हुए कांग्रेस घर-घर जाकर घोटालों की जानकारी दे रहे है। जिसके तहत एक साथ देश के 100 शहरों में प्रैस वार्ता का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान उनके साथ विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व मंत्री जी.एस. बाली, विधायक आशीष बुटेल, पूर्व विधायक अजय महाजन, चौधरी चंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।

देश की सुरक्षा को किया जा रहा नजरअंदाज
उन्होंने कहा कि आज मोदी की 56 इंच की छाती जो 36 इंच की रह गई है जिसकी बदौलत चाइना लगातार भारत में घुसपैठ करने का प्रयास कर रहा है लेकिन भाजपा सरकार आज देश की सुरक्षा को नजरअंदाज कर रहा है जोकि बहुत गंभीर है। उन्होंने कहा कि आई.एस.आई. के लोग जो खुद हमलों में शामिल होते हैं देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि आई.एस.आई. के लोग पठानकोट में हुए हमले की जांच के लिए पहुंचे।

देश के डिफैंस बजट में भी की गई कटौती
उन्होंने कहा कि देश के डिफैंस बजट में भी कटौती की गई है पहले 60 प्रतिशत आर्मी के जवानों के लिए जाता था और 40 प्रतिशत से देश के हथियारों को खरीदा जाता था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में देश के बजट में से आर्मी का बजट अढ़ाई प्रतिशत था लेकिन आज भाजपा के समय में डेढ़ प्रतिशत रह गया है। उन्होंने कहा कि आज सरकार खुद कबूल कर रही है कि मात्र 10 दिन तक के ही हथियार देश के पास हैं।

Vijay