बद्दी की गर्भवती महिला चंडीगढ़ में निकली कोरोना पॉजीटिव, बेटी को दिया जन्म

Monday, May 25, 2020 - 11:05 PM (IST)

बरोटीवाला, (ठाकुर): औद्योगिक नगर बद्दी की एक सहकारी आवासीय कालोनी में रहने वाली 22 वर्षीय गर्भवती महिला चंडीगढ़ में कोरोना पॉजीटिव पाई गई। मिली जानकारी के अनुसार बद्दी की सहकारी आवासीय कालोनी कैलाश विहार में एक प्रवासी परिवार रहता है। इसमें एक 22 वर्षीय महिला, जोकि गर्भवती थी, उसे 22 मई को जब प्रसव पीड़ा हुई तो सीएचसी बद्दी ले जाया गया, जहां से उसे चंडीगढ़ के 16 सैक्टर अस्पताल रैफर कर दिया गया। महिला ने चंडीगढ़ में 24 मई को सिजेरियन से बच्ची को जन्म दिया, लेकिन जब उसके टैस्ट किए गए तो उसका कोरोना टैस्ट भी हुआ और वह आज पॉजीटिव पाई गई। यही नहीं, चंडीगढ़ में जिस वार्ड में महिला भर्ती थी, उस वार्ड में 3-4 अन्य महिलाएं भी पॉजीटिव आई हैं। इसकी सूचना प्रशासन को दी गई। प्रशासन ने सूचना मिलते उस क्षेत्र को सैनिटाइज करवाया और उसके कमरे को क्वारंटाइन किया। बद्दी पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची।

स्वास्थ विभाग और पुलिस विभाग के कर्मी मौके पर पहुंच गए थे

डीएसपी अजय कुमार, थाना प्रभारी लखबीर सिंह व संचित कालिया टीम लेकर मौके पर पहुंचे और वहां पर पुलिस तैनात कर दी गई। उक्त महिला के घर में उसकी छोटी बहन व ससुर हैं, जिन्हें क्वारंटाइन कर दिया गया है और उस महिला के संपर्क में आने वालों की सूची तैयार की जा रही है। बद्दी के सीएचसी चिकित्सा प्रभारी डा. अनिल अरोड़ा ने बताया कि सूचना मिलते ही स्वास्थ विभाग और पुलिस विभाग के कर्मी मौके पर पहुंच गए थे तथा घर के साथ-साथ वह पूरा मकान क्वारंटाइन किया जा रहा है। उस क्षेत्र को भी सैनिटाइज कर दिया गया है। संपर्क सूची के बाद ही सैंपलिंग की जाएगी। जिला चिकित्सा अधिकारी डा. एनके गुप्ता ने बताया कि महिला चंडीगढ़ में पॉजीटिव आई है। उसके संपर्क में आए परिजनों व अन्य लोगों से संपर्क कर क्वारंटाइन किया जा रहा है।

Kuldeep