बद्दी मर्डर केस: सत्ता खोने से बौखला गए हैं वीरभद्र-सुक्खू

Wednesday, May 09, 2018 - 12:01 PM (IST)

बी.बी.एन.: बी.बी.एन. के तहत चक्कां रोड पर हुई हत्या में बिना वजह आर.एस.एस. का नाम घसीटने पर दून भाजपा मंडल ने कड़ा संज्ञान लिया है। जारी प्रैस बयान में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डा. श्रीकांत शर्मा, कैप्टन डी.आर. चंदेल, हंसराज चंदेल, प्रवक्ता तरसेम चौधरी, महामंत्री अमर चंद, बलजीत नेगी व कांति प्रकाश ने कहा कि जमीनी विवाद को लेकर हुई हत्या को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व प्रदेशाध्यक्ष कांग्रेस सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा राजनीतिक रंगत दिया जाना गलत है। इससे साफ जाहिर होता है कि दोनों नेता सत्ता खोने के बाद अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं और आर.एस.एस. जैसी सामाजिक संस्था पर बिना वजह दोषारोपण कर रहे हैं। आरोपियों का संघ से तो क्या भाजपा से भी लेना-देना नहीं है। 


दून भाजपा मंडल ने कहा कि बद्दी में जो हत्या हुई है, उसका कारण साफतौर पर जमीनी विवाद था, जोकि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार साबित हो चुका है। अगर मृतक किसी पूर्व कांग्रेस विधायक के परिवार से जुड़ा था तो इसका यह अर्थ नहीं है कि इसको राजनीतिक रंगत दी जाए। शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार वीरभद्र ने इस हत्या के पीछे आर.एस.एस. कार्यकर्ताओं का हाथ बताया है, वह उनकी बौखलाहट से ज्यादा कुछ नहीं है या तो दोनों नेता उस व्यक्ति का नाम बताएं जोकि आर.एस.एस. का कार्यकर्ता है या माफी मांगें। वरना एक हफ्ते के भीतर उनका घेराव किया जाएगा। 

Ekta