बद्दी मर्डर केस : पूर्व MLA सहित रिश्तेदारों ने घेरा थाना, पुलिस को दी ये चेतावनी

Tuesday, May 08, 2018 - 10:40 PM (IST)

मानपुरा: मंगलवार को संडोली निवासी हरजिंद्र बिट्टू की हत्या के मामले में मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने पुलिस थाना बद्दी का घेराव कर हत्या के अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। एस.पी. व डी.एस.पी. ने मौके पर पहुंच कर भीड़ को शांत किया। परिजनों का आरोप था कि पुलिस इस मामले में लीपापोती कर रही है व किसी दबाव में आकर आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस हत्या में कुछ और लोग भी शामिल हैं।


पूर्व विधायक ने पुलिस को सुनाई रिकॉर्डिंग
मृतक के चचेरे भाई पूर्व विधायक राम कुमार चौधरी ने एस.पी. को घटना से पहले की सारी रिकार्डिंग भी पुलिस को सुनाई, जिसमें साफ सुनाई दे रहा है कि इस हत्याकांड में बाप-बेटे के अलावा कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं, जिन्हें पुलिस बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को 3 दिन का समय दिया व कहा कि अगर जल्द हत्या के अन्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो चक्का जाम किया जाएगा, जिसके लिए पुलिस प्रशासन जिम्मेदार होगा।


भाजपा की सरकार में चरमराई कानून व्यवस्था
राम कुमार चौधरी ने कहा कि प्रदेश में फैली गुंडागर्दी व अव्यवस्था के खिलाफ बद्दी में रोष रैली निकाली जाएगी। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, विपक्ष के नेता मुकेश अग्रिहोत्री व प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार बनी है तब से कानून व्यवस्था चरमरा गई है। सरेआम अधिकारियों व आम लोगों की हत्या हो रही है।


मामले में निष्पक्षता से कार्य कर रही पुलिस : एस.पी.
वहीं एस.पी. बद्दी रानी बिंदु सचदेवा पुलिस इस मामले में निष्पक्षता से कार्य कर रही है। पुलिस ने हत्या में शामिल 2 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जो पुलिस रिमांड पर हैं। अगर इस हत्या में अन्य लोगों की संलिप्तता पाई गई तो उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Vijay