इटली में पूरी हुई मन्नत...हिमाचल में झुका शीश, ''पौणाहारी'' के दरबार में दिखा आस्था का अद्भुत नजारा

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 03:24 PM (IST)

दियोटसिद्ध (रजत): उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध में शनिवार को आस्था, भक्ति और विश्वास का एक अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहां एक श्रद्धालु ने अपनी मन्नत पूरी होने पर शाहतलाई से लेकर दियोटसिद्ध तक की करीब 4 किलोमीटर की दंडवत यात्रा तय की। कड़ी धूप और चढ़ाई के बावजूद भक्त के हौसले को देखकर वहां मौजूद हर कोई पौणाहारी की महिमा का गुणगान करने लगा।

बाबा के दरबार में लगाई थी पुत्र प्राप्ति की अरदास
जानकारी के अनुसार पंजाब के जालंधर की रहने वाली अमनदीप कौर और उनके पति सिमरनजीत सिंह वर्तमान में इटली में रहते हैं। इस दंपती की पहले से दो बेटियां थीं और उन्हें पुत्र प्राप्ति की कामना थी। इसी मुराद को लेकर परिवार ने बाबा बालकनाथ के दरबार में अरदास लगाई थी।

पवित्र गुफा में भाई ने लिया था संकल्प
पिछले वर्ष जब यह परिवार चैत्र मास के मेलों के दौरान दियोटसिद्ध पहुंचा था, तब अमनदीप कौर के भाई प्रिंस कुमार ने बाबा की पवित्र गुफा में माथा टेका। इसी दौरान प्रिंस ने संकल्प लिया था कि यदि बाबा की कृपा से उनकी बहन के घर पुत्र का जन्म होगा, तो वह शाहतलाई से दियोटसिद्ध तक दंडवत करते हुए उनके दर्शन करने आएंगे। बाबा बालकनाथ ने भक्त की पुकार सुन ली और कुछ समय बाद अमनदीप कौर ने एक बेटे को जन्म दिया। अपनी मन्नत पूरी होने के बाद प्रिंस कुमार ने अपना वादा निभाया और शनिवार को शाहतलाई से दियोटसिद्ध तक 4 किलोमीटर की दूरी दंडवत होकर पूरी की।

हर साल चैत्र मास के मेलों में दर्शन करने आते हैं प्रिंस कुमार 
इस अवसर पर भावुक नजर आ रहे प्रिंस कुमार ने कहा कि उनके परिवार की बाबा बालकनाथ में अगाध श्रद्धा है और वे हर साल चैत्र मास के मेलों में बाबा के दर्शनों के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि यह बाबा की ही असीम कृपा है कि उनकी मन्नत पूरी हुई, जिसके चलते उन्होंने आस्था स्वरूप यह कठिन यात्रा पूरी की। इस भक्तिमय मौके पर उनका हौसला बढ़ाने के लिए परिवार के सदस्य पलविंद्र सिंह, सोनू, संदीप राणा, इंद्रजीत सिंह और बॉबी भी विशेष रूप से उनके साथ मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News