चैत्र मास मेलों में बाबा बालकनाथ के दरबार पहुंचे 12 लाख श्रद्धालु, चढ़ाया ₹8.36 करोड़ का चढ़ावा

punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 12:37 PM (IST)

दियोटसिद्ध (रजत): प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध में इस वर्ष चैत्र मास के मेलों के दौरान आस्था का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। बाबा जी का आशीर्वाद लेने पहुंचे लगभग 12 लाख श्रद्धालुओं ने मंदिर के खजाने को भी भर दिया है। भक्तों ने न केवल करोड़ों रुपए की नकदी अर्पित की, बल्कि सोना-चांदी और विदेशी मुद्रा भी बाबा के चरणों में भेंट की।

मंदिर प्रबंधन द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पूरे मेले के दौरान कुल 8,36,61,366 रुपए की आय हुई है। इस कुल राशि में से 5.93 करोड़ रुपए चढ़ावे के माध्यम से प्राप्त हुए, जबकि 2.43 करोड़ रुपए दान के रूप में भक्तों द्वारा दिए गए। यह आंकड़ा पिछले कुछ समय के रिकॉर्ड को दर्शाता है, जिससे मंदिर प्रशासन में काफी उत्साह है। नकदी के अलावा श्रद्धालुओं ने दिल खोलकर बहुमूल्य धातुएं भी भेंट की हैं। इस बार दरबार में 170 ग्राम सोना और लगभग 3.3 किलो चांदी अर्पित की गई। बाबा के भक्तों ने सात समंदर पार से भी अपनी हाजिरी लगाई, जिसकी पुष्टि विदेशी मुद्रा के आंकड़ों से होती है। दान पात्रों से इंग्लैंड के पाउंड, अमेरिकी और कनाडाई डॉलर, यूरो, यूएई दिरहम और कुवैती दिनार सहित कई देशों की मुद्राएं निकली हैं।

PunjabKesari

अब शनिवार को 24 घंटे खुलेगा दरबार
मेलों के समापन के बाद अब मंदिर के समय में बदलाव किया गया है। कार्यवाहक मंदिर अधिकारी सुभाष कुमार ने जानकारी दी कि अब केवल शनिवार को बाबा का दरबार 24 घंटे श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा। अन्य दिनों में मंदिर सुबह 5 बजे खुलेगा और रात्रि 9 बजे मंगल आरती के बाद विश्राम के लिए बंद कर दिया जाएगा।

सफाई व्यवस्था पर मंदिर प्रशासन सख्त
मेला संपन्न होने के बाद मंदिर अधिकारी सुभाष कुमार ने अपनी टीम के साथ ऊपरी और निचले बाजारों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर गंदगी पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने दुकानदारों और सफाई कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सफाई व्यवस्था में कोई कोताही न बरती जाए और पूरे परिसर को जल्द से जल्द स्वच्छ बनाया जाए। वहीं मंदिर अधिकारी ने चैत्र मेलों के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए श्रद्धालुओं, मंदिर के कर्मचारियों और पुलिस प्रशासन का विशेष रूप से आभार जताया।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News