अटल टनल रोहतांग में हिमस्खलन की आशंका, पर्यटकों के लिए लाहौल बंद

Wednesday, Feb 10, 2021 - 10:01 PM (IST)

मनाली (ब्यूरो): शीत मरुस्थल लाहौल सहित अटल टनल के दीदार करने वाले पर्यटकों को अभी इंतजार करना पड़ेगा। हिमस्खलन की आशंका को देखते हुए लाहौल पर्यटकों के लिए अभी बंद रहेगा जबकि अटल टनल के दीदार को भी इंतजार करना होगा। हालांकि मनाली के सोलंगनाला, फातरु, अंजनी महादेव, कोठी व हामटा में पर्यटकों के लिए पर्याप्त बर्फ है लेकिन मनाली आ रहे अधिकतर पर्यटक अटल टनल के दीदार करने की मांग कर रहे हैं।

पर्यटको ने सोलंगनाला में लिया बर्फ की खेलों का आनंद

बुधवार को भी पर्यटकों को सोलंगनाला तक ही जाने की अनुमति रही। पर्यटकों ने दिनभर सोलंगनाला में खिली धूप के बीच बर्फ  की खेलों का आनंद लिया। पर्यटक घुड़सवारी कर धार्मिक पर्यटन स्थल अंजनी महादेव में भी दस्तक दे रहे हैं। सोलंग के पर्यटन कारोबारी पूर्ण ठाकुर ने बताया कि बुधवार को पर्यटन स्थल में पर्यटकों की भीड़ लगी रही। उन्होंने बताया कि दिनभर पर्यटकों ने खिली धूप के बीच बर्फ  की खेलों का आनंद लिया। बाहरी राज्य से पर्यटकों का आना लगातार जारी है। जनवरी के बाद अब फरवरी में भी मनाली में पर्यटकों से रौनक लगी हुई है। होटल कारोबार भी बेहतर चल रहा है।

परिस्थितियों को देखकर ही मिलेगी पर्यटकों को अनुमति

उधर, मनाली एसडीएम रमन घरसंगी ने कहा कि हिमस्खलन की आशंका अभी भी बनी हुई है, जिसके चलते अटल टनल की ओर पर्यटकों को नहीं भेजा जा रहा है। मौसम साफ रहा तो परिस्थितियों को देखते हुए पर्यटकों को अटल टनल की ओर जाने की अनुमति दी जाएगी। वहीं लाहौल-स्पीति के एसपी मानव वर्मा ने कहा कि हिमस्खलन की आशंका को देखते हुए पर्यटकों के लिए लाहौल अभी कुछ दिन और बंद रहेगा।

Content Writer

Vijay