22 अगस्त से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र, अब तक आए इतने सवाल

Saturday, Aug 19, 2017 - 04:48 PM (IST)

शिमला (राजीव): हिमाचल प्रदेश सरकार का आखिरी विधानसभा मानसून सत्र 22 अगस्त से शुरू हो रहा है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार का यह अंतिम विधानसभा सत्र है। ऐसे में यह सत्र काफी हंगामेदार रहेगा। इस बार सत्र में 252 प्रश्नों पर चर्चा होगी। 95 प्रशासन तारांकित है और 30 अतारांकित आ चुके हैं। इस बार विधायकों ने 11 प्रश्न ऑनलाइन पूछे हैं। इसमें भाजपा विधायकों सहित कांग्रेस विधायकों ने भी सरकार से सवाल पूछे हैं। इसके आलावा इसमें कई विधायकों को भी सरकार मंजूरी प्रदान करेगी। सदस्य 21 अगस्त तक अपने सवाल ऑनलाइन दे सकते हैं। सत्र में जहां सरकार अपनी 5 साल की उपलब्धियां गिनाएगी वहीं विपक्ष कोटखाई, होशियार सिंह और सोलन गोलीकांड को लेकर कांग्रेस सरकार को कटघरे में खड़ा करेगी।


21 अगस्त को होगी दोनों सदनों की बैठक 
विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी बुटेल ने पक्ष और विपक्ष दोनों से सदन में शांति बनाए रखने की अपील की है। बुटेल ने कहा कि मानसून सत्र को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं और अभी तक विधायकों के 252 प्रश्न आए हैं। बताया जाता है कि सत्र के लिए कांग्रेस विधायक दल की बैठक 21 अगस्त को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओकओवर में होगी। विपक्षी दल की बैठक प्रेम कुमार धूमल की अध्यक्षता में 21 अगस्त को ही पीटरहॉफ में होगी।