मामूली सी बहसबाजी पर चाकू से गोद डाला व्यक्ति

Friday, Mar 23, 2018 - 12:06 AM (IST)

चम्बा: पुलिस थाना तीसा में तेजधार हथियार के साथ एक व्यक्ति पर वार करके घायल करने का मामला दर्ज किया गया है। घायल व्यक्ति को मैडीकल कालेज अस्पताल चम्बा रैफर कर दिया गया जहां उसका उपचार चल रहा है। एस.पी. चम्बा डा. मोनिका ने बताया कि पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए चुहडू राम पुत्र देवी सिंह निवासी गांव सरेला डाकघर थल्ली तहसील चुराह ने बताया कि बुधवार की रात को वह खेमराज निवासी गांव मंडका के घर में था तो किसी बात को लेकर दोनों में बहसबाजी हो गई। इस दौरान जब वह अपने घर जाने लगा तो खेमराज ने घर में मौजूद सब्जी काटने वाले चाकू से उस पर हमला कर दिया। 

पेट पर 3 बार किया वार 
इस दौरान खेमराज ने उसके पेट पर 3 बार वार किया, जिससे वह बुरी तरह से लहूलुहान हो गया। रात करीब डेढ़ बजे उसे घायल अवस्था में सिविल अस्पताल तीसा लाया गया जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया लेकिन वीरवार को उसे वहां से मैडीकल कालेज अस्पताल चम्बा के लिए रैफर कर दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर खेमराज के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 341, 324 व 504 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Punjab Kesari