कैंथली में कुल्हाड़ी से 3 महिलाओं पर जानलेवा हमला, आरोपी मौके से फरार

Wednesday, Dec 23, 2020 - 10:02 PM (IST)

सलूणी (शक्ति): कैंथली में एक व्यक्ति तेजधार हथियार से हमला कर 3 महिलाओं को बुरी तरह लहूलुहान कर मौके से फरार हो गया है। हमले में घायल 3 में 2 महिलाओं की हालत नाजुक बनी हुई है जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चम्बा रैफर कर दिया गया है। मिली जानकारी अनुसार उपमंडल सलूणी की पंचायत स्नूह के गांव कैंथली में देर शाम को एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से बिना वजह रतो देवी पत्नी दुनी चंद व गीता देवी पत्नी रमेश कुमार तथा कमलो पत्नी लोकिनांद पर हमला कर दिया, जिसमें रतो देवी व गीता देवी के सिर व अन्य शरीर पर गहरी चोटें आई हैं।

इस दौरान महिलाओं की चीखोपुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए, मगर ग्रामीणों के आने से पूर्व आरोपी मौके से फरार हो गया। बेसुध हालत में पड़ी तीनों महिलाओं को ग्रामीण प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल किहार ले गए, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार देने के उपरांत दो महिलाओं की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें मेेडिकल कॉलेज चम्बा रैफर किया है जबकि एक महिला को प्राथमिक उपचार देने के उपरांत छुट्टी दे दी है।

ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस थाना किहार को दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और फरार आरोपी की तलाश में जुट गया है। डीएसपी सलूणी शेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार दिलाने के उपरांत आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश जारी कर दी है। पुलिस शीघ्र उसे सलाखों के पीछे पहुंचाएगी।

Vijay