CPIM के कार्यालय पर अज्ञात लोगों ने किया पथराव, प्रत्याशी व कार्यकर्ता बाल-बाल बचे

Wednesday, May 15, 2019 - 10:50 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): जिला कुल्लू के आनी उपमंडल के निरमंड थाने के तहत मंगलवार रात को कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने सी.पी.आई.एम. के कार्यालय चाटी में आधी रात को पथराव किया, जिसकी सूचना सी.पी.आई.एम. के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को दी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार बीती रात को सी.पी.आई.एम. के कार्यालय चाटी में एक कमरे में प्रत्याशी दलीप सिंह काईथ व पीयुष सोए थे, वहीं दूसरे कमरे में सी.पी.आई.एम. के कुछ कार्यकर्ताओं का दल सोया था। देर रात को कुछ शरारती तत्वों द्वारा कार्यालय पर पथराव किया गया, जिससे खिड़की का शीशा टूट गया। हालांकि किसी व्यक्ति को कोई चोट नहीं पहुंची है।

अज्ञात लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग

सी.पी.आई.एम. के कार्यकर्ता कुलदीप सिंह ने थाना को लिखित शिकायत देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा इस तरह की गतिविधियों को अंजाम देने वाले लोग लोकतंत्र को खराब कर रहे हैं। मामले की पुष्टि करते हुए ए.एस.पी. कुल्लू राजकुमार चंदेल ने बताया कि पुलिस ने धारा 336, 427, 34 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।

Vijay