BPL सर्वे करने गई टीम पर जानलेवा हमला, ग्राम रोजगार सेवक घायल

Wednesday, Mar 07, 2018 - 09:13 PM (IST)

अम्ब: विकास खंड अम्ब के तहत ग्राम पंचायत पंजोआ लडोली में बी.पी.एल. सर्वे करने गई टीम पर हमला हुआ है। बुधवार सायं हुई इस घटना में ड्यूटी पर तैनात ग्राम रोजगार सेवक को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर अम्ब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पंजोआ लडोली के वार्ड नंबर-2 में बुधवार सायं पंचायत सचिव कुलदीप सिंह, ग्राम रोजगार सेवक अमन कुमार व चौकीदार प्रेम चंद पर आधारित ब्लाक की टीम बी.पी.एल. सर्वे करने गई हुई थी तो यहां एक घर से निकला व्यक्ति ग्राम रोजगार सेवक से उलझ गया और हाथापाई पर उतर आया। 

जी.आर.एस. पर किया डंडे से हमला
इस घटना में मारपीट का शिकार हुए जी.आर.एस. ने आरोप लगाया है कि हाथापाई पर उतारू व्यक्ति ने डंडे से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान पंचायत सचिव और चौकीदार ने उसे बड़ी मुश्किल से उसके चंगुल से छुड़ाया। मारपीट की इस घटना में ग्राम रोजगार सेवक को गंभीर चोटें आई हैं। डी.एस.पी. अम्ब अजय राणा ने बताया कि पुलिस ने मारपीट का शिकार हुए व्यक्ति का सिविल अस्पताल अम्ब में मैडीकल करवाया है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।