ढाबे में खाना खाने गई महिला पर चाकू से हमला, पढ़ें क्या है मामला

Monday, Jul 03, 2017 - 08:58 PM (IST)

मनाली: आजकल लोग छोटी-छोटी बातों पर तैश में आकर आपा खो रहे हैं। गुस्से में आकर चिड़चिड़े हो रहे लोग तेजधार हथियारों से हमला करने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं।  कुछ ऐसा ही वाकया पर्यटन नगरी मनाली में सामने आया है। यहां एक शख्स ने ढाबे में भोजन कर रही महिला पर तेजधार चाकू से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। घायल महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वारदात का शिकार महिला का पुलिस ने मैडीकल भी करवा लिया है। 

खाना परोसने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार मनाली के एक ढाबे में एक महिला खाना खाने गई थी। उसी समय एक अन्य ग्राहक ढाबे में पहुंचा। इस बीच महिला को पहले खाना परोसने को लेकर वह ढाबा संचालक से उलझ पड़ा। इस पर महिला ने कहा कि आपके लिए भी खाना आ रहा है, आप शांत रहें। इस दौरान उक्त व्यक्ति ने तैश में आकर आम काट रहे ढाबा संचालक से चाकू छीनकर महिला के चेहरे पर वार कर दिया। इसी बीच वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर महिला को आरोपी के चंगुल से बचाया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मनाली के थाना प्रभारी के.डी. शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।