8.32 लाख रुपए से भरे ATM को उखाड़कर ले गए बदमाश

Monday, Jun 03, 2019 - 10:03 PM (IST)

बी.बी.एन.: नालागढ़ में डिग्री कॉलेज के पास स्थित यूको बैंक के ए.टी.एम. को बदमाश उखाड़कर ले गए, जिसमें 8.32 लाख रुपए की नकदी थी। बदमाशों ने नालागढ़ में पुलिस स्टेशन से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित इस ए.टी.एम. को शनिवार रात को उस समय निशाना बनाया जब आंधी-तूफान के कारण बिजली गुल थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और सी.सी.टी.वी. की फुटेज खंगाली जा रही है। सी.सी.टी.वी. कैमरे की फुटेज में एक व्यक्ति ए.टी.एम. कक्ष में दाखिल होता दिख रहा है लेकिन उसके बाद सी.सी.टी.वी. कैमरा बंद कर दिया गया।

बदमाशों ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार यूको बैंक का नालागढ़ में डिग्री कॉलेज के पीछे न्यू नालागढ़ रोड पर एक ए.टी.एम. लगाया है, जिसका संचालन निजी कंपनी करती है। शनिवार को यह ए.टी.एम. चल रहा था लेकिन शनिवार रात को जब आंधी-तूफान के कारण बिजली बंद हुई तो अज्ञात बदमाशों ने पहले ए.टी.एम. कक्ष के शटर का कुंडा काटा और फिर ए.टी.एम. को उखाड़ कर ले गए लेकिन किसी को इसकी भनक नहीं लगने दी। रविवार को भी इसकी किसी को भनक नहीं लगी और जब सोमवार को बैंक खुला तो उसके बाद बैंक के सुरक्षा कर्मी ने देखा कि ए.टी.एम. कक्ष से ए.टी.एम. गायब है, जिसके बाद ए.टी.एम. का संचालन करने वाली कंपनी को सूचना दी गई और उक्त कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

सी.सी.टी.वी. की फुटेज खंगालने मेें जुटी पुलिस

सूचना मिलने के बाद डी.एस.पी. नालागढ़ चमन लाल की अगुवाई में अतिरिक्त थाना प्रभारी महिंद्र सिंह सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। डी.एस.पी. ने बताया कि पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की शिनाख्त के लिए सी.सी.टी.वी. की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि ए.टी.एम. को बदमाश उखाड़कर ले गए, जिसमें 8.32 लाख रुपए की नकदी थी।

बी.बी.एन. में ए.टी.एम. की सुरक्षा रामभरोसे

औद्योगिक क्षेत्र बी.बी.एन. में ए.टी.एम. में तोड़फोड़ व चोरी के कई मामले अभी भी अनसुलझे हैं और अब एक और मामला सामने आ गया है। इससे यह जाहिर हो रहा है कि यह गैंग फिर इस क्षेत्र में पांव पसारने लग गई है। औद्योगिक क्षेत्र बी.बी.एन. में स्थित ए.टी.एम. कक्षों में 24 घंटे सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं होते हैं। रात को ए.टी.एम. कक्षों को बंद करने के बाद उनकी सुरक्षा रामभरोसे रहती है और कई ए.टी.एम. तो एकांत स्थानों पर लगे हैं जिनके ऊपर बदमाशों की निगाह रहती है।

Vijay