फोन पर ATM Card की जानकारी देना पड़ा महंगा, खाते से निकले 50 हजार

Thursday, Sep 21, 2017 - 12:39 AM (IST)

भोरंज: बड़ोह गांव के एक व्यक्ति बलदेव सिंह को फोन पर अपने ए.टी.एम. कार्ड का पिन नंबर बताना उस समय महंगा पड़ गया जब शातिरों ने उसके खाते से 50,000 रुपए उड़ा लिए। जानकारी के अनुसार उसके मोबाइल पर कॉल आई और कॉलर ने कहा कि अपना आधार नंबर बताएं क्योंकि यह आपके खाते से लिंक करना है। कॉलर ने अपने आप को बैंक का कर्मचारी बताया। आधार नंबर बताने के बाद उसने ए.टी.एम. कार्ड का पिन नंबर पूछा जो उसने उसे बता दिया। इसके बाद बलदेव की बहू ने शंका जताते हुए उसे बैंक भेजा। 

बैंक खाता चैक किया तो उड़े होश
जब उसने पी.एन.बी. की शाखा खरवाड़ में जाकर बैंक खाते को चैक किया तो उसे होश उड़ गए। खाते से 50,000 रुपए गायब हो गए थे। उसने तुरंत अपने ए.टी.एम. कार्ड को ब्लॉक करवा दिया लेकिन शातिर व्यक्ति के फोन आने लगे कि बताओ आपके खाते से कितने पैसे गायब हैं। इस पर उसने फोन एक पत्रकार को थमा दिया जिसे शातिर ने बोला कि आप अपने ए.टी.एम. कार्ड को चालू करवाएं ताकि इसमें 30,000 की राशि डाली जा सके लेकिन ऐसा नहीं किया गया। बलदेव ने कहा कि अगर वे ऐसा करते तो शातिर बाकी बची करीब 73,000 रुपए की राशि भी निकाल लेता। उसने इसके बारे में भोरंज थाना में शिकायत दर्ज करवा दी है।